महाराष्ट्र: मुंबई की ताज होटल के 6 कर्मचारी पॉजिटिव, धारावी में मिले नए 15 मामले

पूरे देश में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इस वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र (Coronavirus in Maharashtra) है। यहां संक्रमित मामले तेजी से बढ़ रहे है। आंकड़ों पर नजर डाले तो यहां अभी तक 1,778 मामले सामने आ चुके है और 127 लोगों की इस वायरस की वजह से मौत हो गई है। दक्षिण मुंबई में होटल ताज महल पैलेस के कम से कम छह कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। ताज होटल का संचालन करने वाली इंडियन होटल्स कंपनी (आईएचसी) ने कर्मचारियों में संक्रमण की पुष्टि की है। हालांकि, संख्या के बारे में स्पष्ट नहीं किया है। दरअसल, होटल ने कोरोना संक्रमण से लड़ रहे स्वास्थ्य कर्मियों और चिकित्सकों को ठहरने की व्यवस्था की है। इसके बाद उसने अपने 500 कर्मचारियों की जांच कराई थी। इनमें से शनिवार को 6 में संक्रमण की बात सामने आई है।

महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा मामले मुंबई से सामने आ रहे है। यहां एशिया की सबसे बड़ी झोपड़पट्टी धारावी कोरोना से संक्रमित हो चुकी है। मुंबई के धारावी में रविवार को 15 नए केस सामने आए हैं। इसी के साथ यहां कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 43 हो गई है। अब तक यहां संक्रमण से चार लोगों की मौत भी हो चुकी है। इसमें दो तब्लीगी जमात से जुड़े हुए थे। शनिवार से यहां घर-घर स्क्रीनिंग की जा रही है। पूरे इलाके की ड्रोन से निगरानी की जा रही है।

इस बीच, मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने संकेत दिए हैं कि लॉकडाउन पार्ट-2 अब और ज्यादा सख्त होगा। संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए राज्य को तीन जोन में बांटा गया है।

महाराष्ट्र को तीन जोन में बांटा गया

संक्रमण से फैलने से रोकने के लिए राज्य सरकार ने 15 से ज्यादा मरीजों वाले जिलों को रेड जोन में रखा है। इससे कम वालों को ऑरेंज जोन और जहां एक भी मरीज नहीं है उसे ग्रीन जोन में रखा गया है। माना जा रहा है कि इसी के आधार पर अगले लॉकडाउन का एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा।

रेड जोन: मुंबई, ठाणे, पालघर, पुणे, नागपुर, रायगढ़, सांगली और औरंगाबाद।

ऑरेंज जोन: रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, सातारा, कोल्हापुर, नाशिक, अहमदनगर, जलगांव, उस्मानाबाद, बीड, जालना, हिंगोली, लातूर, अमरावती, अकोला, यवतमाल, बुलढाणा, वाशिम और गोंदिया।

ग्रीन जोन: धुले, नंदुरबार, सोलापुर, परभणी, नांदेड़, वर्धा, चंद्रपुर, भंडारा और गढ़चिरौली शामिल हैं।