कोहराम जारी / महाराष्ट्र में मरीजों की संख्या 5 हजार पार, 251 लोगों की मौत

देश में कोरोना वायरस मरीजों की संख्या मंगलवार को 20 हजार के पार पहुंच गई है। आज 1461 नए मरीज सामने आए। इसके साथ संक्रमितों की संख्या 20,081 हो गई। यह लगातार चौथा दिन है, जब 1 हजार से ज्यादा नए संक्रमित मिले। एक दिन पहले 1239 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। 19 अप्रैल को 1580, 18 अप्रैल को 1371 नए केस सामने आए थे। महाराष्ट्र में मंगलवार को सबसे ज्यादा 552, उत्तर प्रदेश में 153, गुजरात में 112, राजस्थान में 159 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। कोरोना ने सबसे ज्यादा कहर महाराष्ट्र में मचाया है। 24 घंटे में राज्य में कोरोना के 552 नए मामले सामने आए और 19 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही महाराष्ट्र में अब तक 251 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है।

महाराष्ट्र में मरीजों की संख्या 5 हजार पार

महाराष्ट्र में कोरोना के कुल 5218 मामले हैं। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी तेजी से कोरोना के केस बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में यहां पर 419 मामले सामने आए। मुंबई में कोरोना के कुल 3451 केस हो गए हैं और 151 लोग दम तोड़ चुके हैं। 12 लोगों की मौत तो पिछले 24 घंटे में ही हुई। महाराष्ट्र में आज जो 19 मौतें हुई हैं, उनमें से 10 पुरुष और 9 महिलाएं रहीं। 9 से ज्यादा की उम्र 60 साल से ऊपर है। वहीं, 9 लोगों की उम्र 40 से 59 साल के बीच रही। आज इसी दौरान 150 मरीज ठीक भी हुए हैं।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के मुंबई स्थित आधिकारिक आवास पर तैनात दो महिला पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। इसके बाद एहितायन यहां तैनात 6 और पुलिसकर्मियों को क्वारनटीन कर दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक मालाबार हिल्स स्थित सीएम के आधिकारिक आवास 'वर्षा' में दो दिन पहले एक असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर और एक कॉन्स्टेबल की तैनाती की गई थी। जब इन महिला पुलिसकर्मियों का कोरोना सैंपल लिया गया तो वो पॉजिटिव निकला। इन महिला पुलिसकर्मियों की जांच रिपोर्ट रविवार को आई है। बता दें कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे अभी बांद्रा स्थित अपने आवास में रहते हैं और आधिकारिक कार्यों की वजह से वर्षा आते रहते हैं।

कोरोना से प्रभावित स्लम एरिया धारावी में भी कोरोना के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। यहां पर मंगलवार को कोरोना के 12 नए मामले मिले, इसके साथ ही कोरोना मरीजों की संख्या 179 हो गई है। यहां पर 12 लोगों की मौत हो चुकी है। आज भी यहां एक मरीज की मौत हो गई है।
इससे पहले सोमवार को महाराष्ट्र में कोरोना के 466 नए मामले सामने आए थे, जबकि प्रदेश में इसी अवधि के दौरान कोरोना से संक्रमित 9 मरीजों की मौत हुई। मुंबई में सोमवार को 308 लोगों में कोरोना के संक्रमण की पुष्टि हुई। इसी अवधि में 7 लोगों की मौत हुई।

बीएमसी में भी कोरोना की दस्तक

बृहन्मुंबई महानगरपालिका के आपताकालीन कंट्रोल रूम में काम करने वाले दो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। दोनों कर्मचारियों को कोरोना केयर सेंटर में क्वारैंटाइन किया गया है। साथ ही, उनके साथ काम करने वाले लोगों को आइसोलेट किया गया है। साथ ही, उस कंट्रोल रूम को बंद करके परेल इलाके में दूसरा कंट्रोल रूम शुरू किया है।