महाराष्ट्र / कोल्हापुर में अब तक सामने आए 10 मामले, आज चार वर्षीय बच्चे की कोरोना रिपोर्ट आई पॉजिटिव

महाराष्ट्र में मंगलवार को 552 कोरोना संक्रमितों के मिलने के साथ ही राज्य में मरीजों की संख्या बढ़कर 5218 हो गई। वहीं मंगलवार को कुल 19 मरीजों की मौत हुई, जिसमें से 12 सिर्फ मुंबई से हैं। वहीं, तीन पुणे से, दो ठाणे और एक-एक सांगली और पिंपरी चिंचवड़ से है। राज्य में अब तक कोरोना से मरने वाले लोगों की संख्या 251 हो गई है। हालांकि, राज्य में अब तक 722 कोरोना संक्रमित ठीक भी हो चुके हैं।

चार वर्षीय बच्चा कोरोना संक्रमित

वहीं, महाराष्ट्र में बुधवार सुबह कोल्हापुर जिले के इचलकरंजी कस्बे में चार वर्षीय बच्चे की कोरोना वायरस जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इचलकरंजी कस्बे के कोले माला निवासी 60 वर्षीय कोरोना संक्रमित बुजुर्ग के चार वर्षीय पोते की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। हालांकि, उनके एक और 15 वर्षीय पोते की रिपोर्ट निगेटिव आयी है। परिवार के तीन अन्य सदस्यों की रिपोर्ट आनी शेष है। इसके साथ ही यहां मरीजों की संख्या बढ़कर 10 हो गयी है। कोल्हापुर में 11 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के निवासियों सहित कुल 804 लोगों को 15 संस्थागत केंद्रों में क्वारैंटाइन किया गया है। इन्हें शहर के कारवीर, कागल, हतकणंगले, शिरोल, गढ़िंगलाज और गगनबावड़ा तहसीलों में बनाया गया।

जिलाधिकारी दौलत देसाई ने मंगलवार को बताया कि इन 804 में से सर्वाधिक 245 व्यक्ति कर्नाटक के, इसके बाद तमिलनाडु के 206, राजस्थान के 86, उत्तर प्रदेश के 30, मध्य प्रदेश के 47, केरल के आठ, झारखंड के पांच, हरियाणा के चार, आंध्र प्रदेश के तीन, बिहार के दो और पुड्डुचेरी और पश्चिम बंगाल का एक-एक व्यक्ति है। शेष 166 व्यक्ति महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों के निवासी हैं।