महाराष्ट्र : एक दिन में सामने आए कोरोना के 229 केस, 25 मौतें

कोरोना के चलते 130 करोड़ हिंदुस्तानियों को घरों में रहने की सख्त हिदायत है। इन सबके बावजूद कोरोना का कहर कम होता नहीं दिख रहा है। अब तक कोरोना के 6,767 मामले सामने आ चुके है। गुरुवार को एक दिन में रिकॉर्ड 809 पॉजिटिव मिले। यह संक्रमितों की संख्या में अब तक का सबसे तेज इजाफा है। इससे पहले, 5 अप्रैल को एक दिन में 605 मामले सामने आए थे। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट के मुताबिक हैं। वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, अभी देश में कुल संक्रमितों की संख्या 6,412 बताई है। इनमें से 5,218 का इलाज चल रहा है। 477 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 169 की मौत हुई।

कोरोना से सबसे ज्यादा महाराष्ट्र प्रभावित हुआ है। यहां एक दिन में सबसे अधिक पॉजिटिव केस सामने आए है। गुरुवार को राज्य में एक दिन में कोरोना वायरस के 229 केस सामने आए, जबकि 25 लोगों की मौत हो गई। गुरुवार को जिन 25 लोगों की मौत हुई, उनमें से 10 पुणे से रिपोर्ट हुईं। इसके साथ ही महाराष्ट्र में इस जानलेवा वायरस के अब तक 1364 पॉजिटिव केस सामने आ चुके है। वहीं 97 लोग दुनिया छोड़ चुके हैं। गनीमत है कि अब तक 125 लोग ठीक हो चुके हैं। मुंबई में से सबसे अधिक केस सामने आ रहे हैं। शहर में गुरुवार को 162 नए मामले दर्ज हुए, जो एक दिन में सबसे अधिक हैं। अकेले मुंबई में कोरोना के 857 मामले सामने आ चुके हैं। मुंबई में अभी तक 54 लोगों की जान जा चुकी है।

महाराष्ट्र में दिन पर दिन कोरोना के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। बुधवार को राज्य में 150 केस और 18 की मौत का आंकड़ा सामने आया था। वहीं गुरुवार को एक कदम आगे बढ़ते हुए कोरोना का 'नैशनल रेकॉर्ड' स्थापित कर लिया। पॉजिटिव केस बढ़ने का जो दर बुधवार को 6.2 प्रतिशत था, वह गुरुवार को 7.1 प्रतिशत हो गया।