जबलपुर / एक ही बस्ती के 13 लोग हुए कोरोना संक्रमित, मरीजों की कुल संख्या 56 पर पहुंची

मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों और मौतों के आंकड़े बढ़ते जा रहे हैं। राज्य में शुक्रवार को 8 मौतें हुईं। राजधानी में अब तक 110 स्वास्थ्यकर्मी और 41 पुलिसकर्मी कोरोना से संक्रमित हैं। वहीं मध्यप्रदेश के जबलपुर शहर में 13 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, इसी के साथ यहां मरीजों की कुल संख्या 56 पर पहुंच गई है। ICMR लैब से आज शनिवार की दोपहर मिली 135 सैंपल की रिपोर्रिट में से 13 को संक्रमित पाया गया है। ये सभी चांदनी चौक हनुमानताल क्षेत्र के निवासी हैं। आज मिले संक्रमित सभी संक्रमितों के जमातीयों के संपर्क में आने की आशंका जताई जा रही है। एक समुदाय विशेष में 13 मरीज मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आशंका जताई जा रही है कि इस इलाके में अभी कुछ और संदिग्ध मरीज मिल सकते हैं। शुक्रवार को भी एक आईपीएस समेत 12 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे। 24 घंटे में जबलपुर में 25 केस सामने आए हैं।

शहर में दो दिन एकाएक मरीज बढ़ने के बाद प्रशासन में हडकंप मच गया है। लोगों से सख्ती से लॉकडाउन का पालन करने की हिदायत दी जा रही है। पांच दिन पहले तक शहर में कोई नया मरीज नहीं मिलने पर प्रशासन ने दुकानें खोलने में थोडी रियायत दे दी थी। लेकिन, अब एक बार फिर से सख्ती कर दी गई है। चांदनी चौक को पूरी तरह से सील कर दिया गया है।

एक साथ 13 संक्रमित मिलने के बाद चांदनी चौक सहित पूरे हनुमानगंज इलाके को को कंटेमेंट एरिया घोषित कर दिया गया है। पूरे इलाके को सैनिटाइज किया जा रहा है। सैनिटाइज करने का काम में तीन से चार घंटे लग सकते हैं। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की आठ टीमें सर्वे के लिए जाएंगी।