Corona India: एक दिन में 3 लाख के करीब मिले कोरोना मरीज, 2 हजार से ज्यादा मौतें

देश में कोरोना के आंकड़ों ने नया रिकॉर्ड दर्ज किया है। पिछले 24 घंटे में 2 लाख 94 हजार 115 लोग संक्रमित पाए गए। वहीं, 2020 लोगों की मौत भी हुई। इसके साथ ही 1 लाख 66 हजार 520 मरीज ठीक भी हुए। रिकवरी का यह आंकड़ा भी अब तक का सबसे ज्यादा है।

महाराष्ट्र, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश समेत 11 राज्यों में हालात बेहद खराब है। इन राज्यों में रिकॉर्ड लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे के अंदर 62 हजार 97, उत्तर प्रदेश में 29 हजार 574, दिल्ली में 28 हजार 395, केरल में 19 हजार 577, कर्नाटक में 21 हजार 794, छत्तीसगढ़ में 15 हजार 625, राजस्थान में 12 हजार 201, मध्यप्रदेश में 12 हजार 727 , गुजरात में 12 हजार 206, तमिलनाडु में 10 हजार 986, बिहार में 10 हजार 455 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

झारखंड सरकार ने लिया लॉकडाउन लगाने का फैसला

दिल्ली, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के बाद अब झारखंड सरकार ने भी राज्य में लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया है। जारी आदेश के मुताबिक, 22 से 29 अप्रैल के बीच राज्य में लॉकडाउन रहेगा। इस दौरान सभी धार्मिक संस्थान खुले रहेंगे, लेकिन लोगों के भीड़ जुटने पर रोक होगी। कृषि, खनन और कंस्ट्रक्शन के काम भी जारी रहेंगे।

देश में 13 करोड़ के पार हुआ कोरोना वैक्सीनेशन का आंकड़ा

भारत में अब तक लाभार्थियों को कोरोना वैक्सीन की 13 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं, इनमें से करीब 29 लाख खुराकें मंगलवार को ही दी गईं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि रात नौ बजे तक देश में अब तक कोविड-19 रोधी टीकों की 13,00,27,370 खुराकें दी जा चुकी हैं। मंत्रालय ने कहा कि मंगलवार को 71 हजार से अधिक टीकाकरण केंद्रों का संचालन किया गया। इससे पहले किसी भी दिन औसतन 45 हजार केंद्रों का संचालन किया गया है।

राहुल गांधी कोरोना संक्रमित

कांग्रेस नेता राहुल गांधी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी शेयर की। उन्होंने बताया कि अभी वह होम आइसोलेशन में हैं। राहुल पिछले कई दिनों से केरल, पुडुचेरी, पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु चुनाव में रैलियां कर रहे थे। दो दिन पहले ही उन्होंने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए बंगाल में होने वाली अपनी सभी रैलियों को रद्द कर दिया था।