दिल्ली / जरूरतमंद लोगों को खाना बांट रहे थे AAP विधायक के प्रतिनिधि, जांच में निकले कोरोना पॉजिटिव

देश में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन लागू है और कोरोना प्रभावित इलाकों को सील किया गया है। ऐसे में लॉकडाउन के दौरान गरीबों और मजदूरों को खाने की समस्या न हो, इसके लिए दिल्ली में आम आदमी पार्टी के विधायक मदद के लिए आगे आए हैं। ऐसे में आप पार्टी के विधायक नरेश यादव के दो प्रतिनिधि कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।

विधायक नरेश यादव के प्रतिनिधि भी इलाके में जरूरतमंद लोगों को खाना बांट रहे थे। महरौली के पहलवान ढाबे के आस-पास का इलाका, जिसमें करीब 1000-1500 घर हैं, कंटेनमेंट जोन में है। विधायक नरेश यादव के प्रतिनिधि जरूरतमंद लोगों को इलाके में सामान बांट रहे थे। जिन्हें सोमवार को टेस्ट के बाद कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
दिल्ली कोरोना वायरस के संक्रमण की स्थिति यह है कि जगह-जगह पर कंटेनमेंट जोन बनाए जा रहे हैं। दिल्ली में हॉटस्पॉट-कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़कर 97 हो गई है। इन इलाकों में लोगों के बाहर निकलने पर पूरी तरह पाबंदी है। सभी दुकानें बंद रखने का आदेश है।

बता दें कि दिल्ली में कोरोना वायरस के संक्रमण के मामलों में तेजी से इजाफा हो रहा है। यहां कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,918 पहुंच गई है। कोरोना की चपेट में आकर अब तक 54 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 877 कोरोना मरीज ठीक हुए हैं।