संक्रमण का खतरा : पटना में इस्तेमाल कर सड़कों पर फेंके जा रहे मास्क, गलब्स और PPE Kit

पटना की सड़कों पर इस्तेमाल के बाद खुलेआम मास्क, गलब्स और पीपीई फेंके जा रहे हैं। इसके बाद संक्रमण का भी खतरा पैदा हो गया है। स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम के अधिकारियों ने लोगों से सावधान रहने और कोरोना से बचाव के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले सामग्री को सही तरीके से निस्तारण की अपील की है। इसके बाद भी कई लोग इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
भास्कर की खबर के अनुसार बिहार केमिस्ट एंड ड्रगस एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रसन्ना सिंह के मुताबिक पटना के विभिन्न क्षेत्रों में हर दिन लगभग 20000 मास्क और गलब्ज की बिक्री हो रही है। इसके साथ ही मेडिकल से जुड़े कर्मचारी भी हर दिन लगभग एक हजार पीपीई का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस्तेमाल के बाद पटना में लगभग पांच हजार मास्क, गलब्स और पीपीई बेकार हो रहा है। सड़क पर फेंके जाने वाले मास्क, गलब्स और पीपीई में कौन सा संक्रमण वाला है और कौन सही है इसके बारे में किसी को जानकारी नहीं होती। इसका सबसे ज्यादा नुकसान सफाईकर्मियों को उठाना पड़ रहा है। कूड़ा उठाते समय संक्रमण का खतरा बना रहता है। नगर आयुक्त हिमांशु शर्मा का कहना है कि लॉकडाउन के दौरान सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए शहर की विभिन्न हिस्सों में छिड़काव भी किया जा रहा है। ऐसे में लोगों से अनुरोध है कि वे भी इस्तेमाल किए हुए मास्क और गलब्स को सड़क किनारे नहीं फेंके।