दिल्ली में एक पिज्जा डिलिवरी ब्वॉय की लापरवाही से 72 लोगों की जान पर बन आई है। दरअसल, यह शख्स कोरोना पॉजिटिव निकला है। इसके बाद साउथ दिल्ली के हौज खास और मालवीय नगर के 72 लोगों को होम क्वारनटीन कर दिया गया है। साथ ही संपर्क में आए 17 डिलिवरी ब्वॉय को भी क्वारनटीन किया गया है। सूत्रों ने कहा कि यह डिलिवरी ब्वॉय मार्च के अंतिम सप्ताह तक ड्यूटी पर था और पिछले सप्ताह ही इसका कोरोना टेस्ट रिजल्ट पॉजिटिव आया है। अधिकारियों ने कहा कि वह पहले डायलिसिस के लिए एक अस्पताल का गया था और माना जा रहा है कि इसी दौरान वह संक्रमित हुआ होगा।
साउथ दिल्ली जिले के डीएम बीएन मिश्रा ने बताया कि डिलिवरी ब्वॉय के संपर्क में 72 लोग आए थे। अभी तक इन लोगों का टेस्ट नहीं किया गया है। सभी लोगों को होम क्वारनटीन किया गया है। अगर इन लोगों में कोरोना के लक्षण मिलते हैं तो इनकी जांच की जाएगी। अधिकारियों ने इन सभी 72 लोगों की पहचान गुप्त रखी है।
बूथ स्तर की टीमें यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या पिज्जा डिलिवरी ब्वॉय 72 लोगों के अलावा किसी के संपर्क में आया था। मालवीय नगर के कुछ इलाकों को सील किया गया है। लॉकडाउन के दौरान भोजन और किराने के सामान की होम डिलीवरी की अनुमति है। हॉटस्पॉट वाले इलाके में लॉकडाउन सख्त है, और किसी को भी अपने घरों से बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। सभी आवश्यक वस्तुओं की होम डिलिवरी की जा रही है।आपको बता दे, दिल्ली कोरोना वायरस से दूसरा सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में कोरोना का ग्राफ बहुत तेजी से बढ़ रहा था जिस पर बुधवार को ब्रेक लग गया। कल राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस के कुल 17 ही नए मामले आए जो पूरे अप्रैल महीने में किसी एक दिन का सबसे कम आंकड़ा है। बुधवार को दिल्ली में कोरोना से 2 मौतें हुईं जिससे अब यहां मौत का आंकड़ा 32 पहुंच चुका है। अधिकारियों के मुताबिक दिल्ली में नए मामलों में कमी के लिए निजामुद्दीन मरकज से निकाले गए लोगों में अब 'जीरो पॉजिटिव 'केस आने को जिम्मेदार कहा जा सकता है। यहां कुल 1578 केसों में से 1080 यानी 68 प्रतिशत तो तबलीगी जमात से जुड़े लोगों के हैं। राहत की बात है कि मरकज से निकालकर क्वारंटीन में रखे गए लोगों में अब पॉजिटिव केस बहुत कम मिल रहे हैं।