कोरोना का खौफ: महिला और पुरुष के हाथ में लगा था आइसोलेशन मार्क, चलती ट्रेन से लोगों ने उतारा

महाराष्ट्र सरकार कुछ विदेशों से आ रहे यात्रियों की कलाई पर मुहर लगा रही है। कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए जिन लोगों के हाथों पर यह मुहर लगाई जा रही है उन्हें दो हफ्तों के लिए घर पर पृथक रहना होता है। लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग दूसरों को मुसीबत में डालने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे है। हाल ही में महाराष्ट्र के पालघर जिले में गुजरात जा रही एक ट्रेन में सफर कर रहे पुरुष और एक महिला को शनिवार सुबह उतार दिया गया। दोनों के हाथ पर पृथक रखे जाने की मुहर लगी हुई थी।

पश्चिम रेलवे की ओर से बताया गया कि ये दोनों यात्री दुबई से लौटे थे। इसमें कहा गया कि पुरुष इंटरसिटी एक्सप्रेस की जनरल बोगी में सफर कर रहा था, वहीं महिला आरक्षित कोच में सफर कर रही थी। रेलवे ने बताया कि कुछ सह यात्रियों ने देखा कि उनके हाथों पर पृथक रहने की मुहर लगी हुई थी। जिसके बाद उन्होंने रेलवे पुलिस को इसकी सूचना दी। दोनों को विरार स्टेशन पर ट्रेन से उतार दिया गया और चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेज दिया गया।

बता दे, देशभर में कोरोना मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 70 के करीब नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं। पूरे देश भर में मरीजों की संख्या 327 हो गई है। सबसे बुरा हाल महाराष्ट्र का है, जहां अभी तक 63 मामले सामने आए हैं, जिसमें से एक की मौत हो गई है। कोरोना से देश के 22 राज्य प्रभावित हैं।

अगर राज्यवार आंकड़ों पर नजर डाले तो

आंध्र प्रदेश - 3
छत्तीसगढ़ - 1
दिल्ली - 26
गुजरात - 13
हरियाणा - 20
हिमाचल प्रदेश - 2
कर्नाटक - 18
केरल - 52
मध्य प्रदेश - 4
महाराष्ट्र - 63
ओडिशा - 2
पुदुचेरी - 1
पंजाब - 13
राजस्थान - 23
तमिलनाडु - 6
तेलंगाना - 21
चंडीगढ़ - 5
जम्म-कश्मीर - 4
लद्दाख - 13
उत्तर प्रदेश - 25
उत्तराखंड - 4
पश्चिम बंगाल - 3