लॉकडाउन में हादसा / लोहे की छड़ों पर गिरा किशोर, जबड़े के आर-पार हुआ सरिया

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के देवरिया जिले में शनिवार की शाम एक किशोर अपनी छत पर खेल रहा था। तभी वह पिलर पर लगे सरिया पर गिर गया, जिससे सरिया किशोर के जबड़े से आरपार कर गया। उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन, डॉक्टरों ने उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।

गौरीबाजार थाना क्षेत्र के बौड़ी तिवारी गांव निवासी रामलखन राजभर का बेटा राज (15) लॉकडाउन के चलते शनिवार की शाम अपने घर की छत पर खेल रहा था।

खेलते वक्त अनियंत्रित होकर वह छत पर पिलर में लगे लोहे की सरिया पर जा गिरा। जिससे उसके मुंह में सरिया घुस गया और सरिया उसके जबड़े के आर पार निकल गई।

यह देख अन्य बच्चों ने शोर मचाया तो परिजन मौके पर पहुंचे। लेकिन, जिसने भी राज को देखा वह दहल उठा। कुछ लोगों ने बच्चे के मुंह में फंसे सरिया को निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए और आनन फानन में देवरिया जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे गोरखपुर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।