प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मुख्यमंत्रियों के साथ तीसरी बार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। इस चर्चा में 12 राज्य केंद्र से लॉकडाउन बढ़ाने की मांग की। इसके बाद लॉकडाउन का बढ़ना तय है और किसी भी वक्त इसका आधिकारिक तौर पर ऐलान हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक मोदी आज रात या फिर कल सुबह लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान कर सकते हैं। बता दें कि देश में घोषित 21 दिन के लॉकडाउन की समयसीमा 14 अप्रैल को खत्म हो रही है। अगर 2 हफ्ते और लॉकडाउन बढ़ता है तो फिर यह तारीख 28 अप्रैल तक बढ़ जाएगी। बैठक के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने तो ट्वीट कर इसकी पुष्टि ही कर दी कि प्रधानमंत्री ने लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला ले लिया है। पीएम ने इस बैठक में साफ कहा कि जान है तो जहान है। ऐसे में माना जा रहा है कि पीएम लॉकडाउन की दिशा में ही बढ़ेंगे।
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा है कि प्रधानमंत्री ने लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला सही लिया है। आज दुनिया के कई विकसित देशों से भारत की स्थिति बेहतर है क्योंकि हमने जल्दी लॉकडाउन किया। अगर ये अभी रोक दिया जाता है तो सभी फायदे खत्म हो जाएंगे। हमें जो फायदे हुए हैं उन्हें बरकरार रखने के लिए इसे बढ़ाना जरूरी है।
बता दे, दिल्ली के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से बातचीत के दौरान भी लॉकडाउन बढ़ाने को कहा था ताकि कोरोना को जड़ से खत्म किया जा सके। अब जब बैठक खत्म होने के बाद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा है कि प्रधानमंत्री का फैसला सही है तो इससे यह पूरा भरोसा हो गया है कि 21 दिन की अवधि के बाद लॉकडाउन और बढ़ाया जाएगा।