लॉकडाउन की उडी धज्जियां, बीजेपी विधायक ने रखी बिरयानी पार्टी, कांग्रेस MLA ने बांटे नोट

कोरोना वायरस (Coronavirus, Covid-19) को देश में फैलने से रोकने के लिए जहां एक तरफ लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे है वहीं दूसरी तरफ सत्ता और विपक्ष पार्टी के कुछ विधायक खुलेआम इसकी धज्जियां उड़ा रहे हैं। इन्हें न तो सरकारी आदेशों की परवाह है और न ही लोगों की सुरक्षा का ख्याल।

कर्नाटक के टुमकुर में बीजेपी विधायक ने अपने जन्मदिन पर शाही अंदाज में बिरयानी बांटी जिससे भीड़ लग गई। दूसरी तरफ झारखंड के जामताड़ा में कांग्रेस विधायक लोगों के बीच पैसे बांटने लगे। इससे भी यहां लोग जमा हो गए।
बीजेपी विधायक की बिरयानी पार्टी

कर्नाटक के बीजेपी विधायक एम जयराम ने तमाम बंदिशों के बावजूद अपने जन्मदिन को शाही अंदाज में मनाया। कर्नाटक के तुरवकेरे से बीजेपी विधायक एम जयराम ने टुमकुर के सरकारी स्कूल में अपने जन्मदिन की पार्टी रखी। इस पार्टी में गुब्बी तालुक की जनता बड़ी संख्या में आई। इस पार्टी में जनता का स्वागत बिरयानी खिलाकर किया गया। इस दौरान लोगों ने मास्क तो पहन रखे थे, लेकिन सोशल डिस्टेंसिंग की कोई परवाह नहीं की गई। बता दें कि कर्नाटक कोरोना वायरस का संक्रमण झेल रहा है। यहां पर 207 लोग कोरोना की चपेट में हैं, जबकि 34 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं, 6 लोगों की मौत इस वायरस की वजह से हो गई है।

वहीं कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार का कहना है कि विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। ऐसे विधायक कानून व्यवस्था को लेकर समस्या पैदा करते हैं। मुख्यमंत्री को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।महिलाओं में बांटे 10-10 रुपये

झारखंड में सरकार के सहयोगी कांग्रेस के विधायक इरफान अंसारी भी सोशल डिस्टेंसिंग का मजाक उड़ाते दिखे। एक वीडियो में वो महिलाओं के बीच 10-10 रुपये बांटते दिख रहे हैं। महिलाएं लाइन में खड़ी हैं और वे सभी को रुपये दे रहे हैं। ये घटना जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के मोहनपुर गांव की है। जब इस बारे में विधायक इरफान से पूछा गया तो उन्होंने कहा की वे लोगों को वहां से भगा रहे थे। जबकि वीडियो में वो साफ-साफ लोगों के बीच 10-10 रुपये बांटते दिख रहे हैं। इरफान अंसारी ने कहा कि वे विधायक हैं और जहां भी पहुंचते हैं लोग जुट जाते हैं।

बता दें कि झारखंड में कोरोना वायरस के 17 मामले सामने आ चुके है और 1 मौत इस वायरस की वजह से हो गई है।