दिल्ली: 2 महिला रेजिडेंट डॉक्टर से मारपीट करने वाला गिरफ्तार, कोरोना फैलाने की बात कहकर किया था हमला

कोरोना वायरस पर काबू पाने के लिए डॉक्टर्स, मेडिकल स्टॉफ मोर्चे पर डटे हुए हैं। लेकिन इस बीच, कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों का इलाज कर रहे डॉक्टरों को निशाना बनाने की खबरें भी मिल रही हैं। हाल ही में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में तैनात दो महिला डॉक्टरों पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार सफदरजंग हॉस्पिटल रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ मनीष ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि सफदरजंग अस्पताल के इमर्जेंसी डिपार्टमेंट में तैनात दो महिला डॉक्टरों पर गौतम बुद्ध नगर में उनके पड़ोसियों ने हमला कर दिया। यह घटना बुधवार रात करीब 9:30 बजे की है। दोनों महिला डॉक्टर उस समय फल खरीदने के लिए घर से बाहर निकली हुई थीं।

डॉक्टर का आरोप है कि इस दौरान वहां खड़े एक युवक ने उनके साथ अभद्रता की। साथ ही युवक ने कहा कि आप यहां मत आइए क्योंकि आप सफदरजंग में काम करती हैं और कोरोना वायरस फैला सकती हैं। इसके बाद डॉक्टर ने विरोध किया तो युवक ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। इसके बाद वहां से चला गया। इसके बाद डॉक्टर ने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। डॉक्टर खुद सफदरजंग अस्पताल पहुंची और अपनी एमएलसी बनवाई। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष चौधरी ने बताया कि यह काफी शर्मनाक है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।