कोवीशील्ड वैक्सीन को लेकर सरकार ने जारी की नई गाइडलाइन, आपके लिए जानना बेहद जरुरी

देश में रोजाना नए केसों के साथ ही एक्टिव केसों (इलाज करा रहे मरीज) का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है। बीते 38 दिनों में एक्टिव केस में करीब 2 लाख की बढ़ोतरी दर्ज की गई। 11 फरवरी को देश में 1.33 लाख एक्टिव केस थे, जो रविवार को बढ़कर 3.31 लाख हो गए। बीते दिन इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 25,578 का इजाफा हुआ। यह एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले 10 सितंबर को 24,610 एक्टिव केस बढ़े थे। वहीं, इस बीच सरकार ने एस्ट्राजेनेका की कोरोना वैक्सीन कोवीशील्ड के पहले और दूसरे डोज के बीच के अंतर को बढ़ाने का फैसला लिया गया है। देश में अब तक 4.5 करोड़ से ज्यादा कोरोना वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है।

केंद्र के निर्देश के मुताबिक, कोवीशील्ड के दोनों डोज के बीच अब कम से कम 6 से 8 हफ्ते का अंतर होना चाहिए। फिलहाल दोनों के बीच का अंतर 28 दिन है। वैक्सीन पर नेशनल टेक्निकल एडवाइजरी ग्रुप ऑन इम्यूनाइजेशन और नेशनल एक्सपर्ट ग्रुप की सलाह के बाद यह फैसला लिया गया है। केंद्र ने स्पष्ट किया कि यह फैसला कोवैक्सिन पर लागू नहीं होगा।

केंद्र सरकार के मुताबिक, नेशनल टेक्निकल एडवाइजरी ग्रुप ऑन इम्यूनाइजेशन (NTAGI) और वैक्सीनेशन एक्सपर्ट ग्रुप की ताजा रिसर्च के बाद यह फैसला लिया जा रहा है, जिसका अमल राज्य सरकारों को करना होगा। दावा किया गया है कि अगर वैक्सीन का दूसरा डोज 6 से 8 हफ्ते के बीच दिया जाता है, तो यह ज्यादा असरदार साबित होगी।

बता दें कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार को कहा गया कि महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक, गुजरात और मध्य प्रदेश में कोविड-19 के मामले बढ़ रहे हैं और संक्रमण के नए मामलों में इन राज्यों की भागीदारी 80.5% है। भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के 46 हजार 951 नए मामले सामने आए, जो इस साल एक दिन में सर्वाधिक संख्या है। मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र में 30 हजार 535 नए मामले सामने आए जो एक दिन में सामने आने वाले मामलों की सबसे ज्यादा संख्या है।

देश में पिछले हफ्ते कोरोना के केस में इससे पहले वाले हफ्ते की तुलना में 67% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह इस महामारी की शुरुआत से अब तक हर हफ्ते होने वाली बढ़ोतरी में सबसे ज्यादा है। 15 से 21 मार्च के बीच देश में 2 लाख 60 हजार 561 मामले सामने आए। इससे पहले 8 से 14 मार्च के बीच 1 लाख 55 हजार 887 मरीजों की पहचान हुई थी। यानी इन दो हफ्तों में नए केस का अंतर 1 लाख 4 हजार 674 रहा।

इससे पहले पिछले साल जुलाई के आखिरी दो हफ्तों में आए नए केस का अंतर 34% रहा था, जो उस समय सबसे ज्यादा था। 20-26 जुलाई के बीच 3 लाख 17 हजार 712 केस आए थे। इससे पहले 13 से 19 जुलाई के बीच 2 लाख 38 हजार 640 मामले रिकॉर्ड किए गए थे। इन दो हफ्तों में करीब 80 हजार केस बढ़े थे।