हैंडपंप और खाना बनाने वाली महिला से फैला कोरोना, 60 लोग संक्रमित

महाराष्ट्र के यवतमाल के जिला अधिकारी एम देवेंद्र सिंह ने बताया कि पवारपुरा इलाके में लगे कई हैंडपंप और खाना बनाने वाली महिला के कारण यह संक्रमण तेजी से फैला। इस इलाके में लगभग 60 लोग कोरोना पॉजिटिव आने के बाद दहशत का माहौल है। पूरे यवतमाल जिले में अब तक कुल 84 कोविड मरीज पाए गए हैं। इसके अलावा कोरोना पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आए 305 संदिग्ध लोगों को आइसोलेशन वॉर्ड में रखा गया है। इनमें से ज्यादातर लोग पवारपुरा और इंदिरा नगर से हैं। जिसके चलते यह पूरा इलाका अब कोरोना का हॉटस्पॉट बन चुका है। इस इलाके से 60 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इतनी बड़ी संख्या में मरीज मिलने से प्रशासन के होश उड़ गए है। जिला अधिकारी का कहना है कि इस पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और हर घर पर नजर रखी जा रही है। जिलाधिकारी एम देवेंद्र सिंह एवं जिला पुलिस अधक्षिक एम राजकुमार खुद परिसर में गश्त पर हैं। प्रशासन ने यहां पर 5 हॉटस्पॉट बनाए हैं। जिसमें विशेष पुलिस दल को नियुक्त किया है। लोगों के लगातार सैंपल टेस्ट किये जा रहे हैं।

यवतमाल में शुरुआत में दुबई से लौटे 9 में 3 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इलाज के बाद उन्हें घर वापस भेज दिया था। फिर दिल्ली के निजामुद्दीन के तबलीगी जमात के मरकज से लौटे 7 लोगों की वजह से कोरोना का संक्रमण यवतमाल में तेजी से फैला।

यवतमाल की मेमन कॉलोनी, कोहिनुर कॉलोनी, शादाब बाग, इंदिरा नगर, जफर नगर, भोसा परिसर आदि इलाकों में शटडाउन किया गया। जिसके बाद इंदिरा नगर और पवारपुरा इस प्रतिबंधित क्षेत्र में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैला।