पाकिस्तान : सुरक्षा किट न मिलने की वजह से डॉक्टर बन रहे संक्रमण का शिकार, विरोध करने पर 150 गिरफ्तार

आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान की हालत कोरोना वायरस की वजह से और बदतर होती जा रही है। यहां संक्रमित मरीजों का इलाज करने वाले लोगों तक को मास्क और सुरक्षा किट नहीं मिल पा रही है। भेदभाव का शिकार रहे बलूचिस्तान प्रांत एक बार फिर चर्चा में है जहां सुरक्षा किट की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन करने पर 150 से ज्यादा डॉक्टरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दे, पाकिस्तान में अब तक कोरोना वायरस के 3,469 केस दर्ज किए गए हैं जिसमें से बलूचिस्तान में 192 मामले सामने आए हैं। घातक विषाणु के प्रकोप से पड़ोसी देश में 50 लोगों की मौत हो चुकी है।

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (पीपीई) नहीं मिलने का विरोध कर रहे डॉक्टरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की सख्ती से नाराज डॉक्टरों ने काम का बहिष्कार करने की धमकी दी। यहां कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज करते-करते 13 डॉक्टर भी संक्रमित हो गए हैं। इसके विरोध में ही डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ ने सोमवार को क्वेटा में प्रदर्शन का आव्हान किया था। बलूचिस्तान के यंग डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष यासिर अचकजई ने कहा कि हम सिविल अस्पताल से मुख्यमंत्री सचिवालय की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया और हमारे कई साथियों को गिरफ्तार कर लिया। राज्य में कोरोना संक्रमण के अब तक 192 केस सामने आए हैं।

डॉक्टरों पर किया गया लाठी चार्ज

डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मचारियों ने बजीर-ए-आला (चीफ मिनिस्टर) के घर के बाहर विरोध करने की कोशिश की और इसी दौरान पुलिस ने उन पर लाठी चार्ज किया। डॉक्टरों और पुलिस में हाथापाई हुई। गिरफ्तारी के बाद, युवा डॉक्टरों ने विरोध में अपना काम स्थगित कर दिया।

पुलिस की ओर से कहा गया कि धारा 144 का उल्लंघन करने पर मेडिकल स्टाफ को गिरफ्तार किया गया है और अब अलग-अलग पुलिस थानों में भेज दिया गया है।