झारखंड में कोरोना संक्रमण के 4,290 नए मामले, 46 मरीजों की मौत

झारखंड में पिछले 24 घंटे में 4 हजार 290 नए पॉजिटिव मरीज की पहचान की गई। इनमें से रांची से 1,404 लोग शामिल हैं। वहीं, 46 लोगों की जान गई। इनमें 14 मृतक रांची के हैं। जबकि धनबाद, कोडरमा और लोहरदगा के 3-3 मृतक हैं। पूर्वी सिंहभूम में 10 मरीजों की मौत हुई। स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या हर दिन की तरह कम रही। अब पूरे राज्य में एक्टिव मरीजों की संख्या 28,010 हो गई है।

झारखंड में अब तक 1,62,945 संक्रमितों की पहचान हो चुकी है। इनमें से 1,33,479 ठीक हो चुके हैं। इधर, सोमवार को बोकारो 188, चतरा 32, देवघर 112, धनबाद 149, दुमका 36, पूर्वी सिंहभूम 639, गढ़वा 66, गिरिडीह 53, गोड्डा 91, गुमला 85, हजारीबाग 237, जामताड़ा 49, खूंटी 103, कोडरमा 230, लातेहार 90, लोहरदगा 35, पाकुड़ 17, पलामू 94, रामगढ़ 145 और रांची में 1404 नए मरीज मिले।

रांची में कोविड के बढ़ते प्रसार के साथ ही राज्य में चिकित्सकीय सुविधा के अभाव को देखते हुए प्रदेश के व्यापारियों, उद्यमियों और प्रोफेशनल्स की प्रतिनिधि संस्था फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ काॅमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा प्रदेश के सभी सदस्यों, संबद्ध संस्थाओं व जिला चैंबर ऑफ काॅमर्स से झारखंड में 21 से 25 अप्रैल तक सेल्फ लाॅकडाउन करने की अपील की गई है।