राजस्थान : पिछले 24 घंटे में मिले 40 कोरोना संक्रमित, 25 मरीज केवल जयपुर में; एक्टिव मरीजों की संख्या हुई 236

राजस्थान में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 40 नए मरीज मिले है। इसमें 25 मरीज केवल जयपुर में मिले है। जयपुर में आज हुए कोरोना विस्फोट के बाद हड़कंप मच गया है। जयपुर में जो मरीज मिले है, उससे ओमिक्रॉन वैरियंट के केस और ज्यादा फैलने का खतरा बढ़ गया है। इनमें 11 ऐसे मरीज हैं, जो ओमिक्रॉन पॉजिटिव और संदिग्धों के संपर्क में आए है। रिपोर्ट मिलने के बाद सीएमएचओ की टीम ने सभी को संदिग्ध मानते हुए उनके सैंपल जिनोम सिक्वेंसिंग के लिए भिजवाए है। जयपुर के अलावा आज हनुमानगढ़, अलवर में 4-4 केस, जोधपुर, अजमेर और उदयपुर में 2-2 केस, जबकि बीकानेर में एक केस मिला है। राज्य में आज कुल 24 मरीज रिकवर हुए है, जिसके बाद एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 236 हो गई।
जयपुर CMHO डॉ नरोत्तम शर्मा ने बताया कि आदर्श नगर में जो परिवार ओमिक्रॉन संक्रमित मिला है। उसी परिवार के संपर्क में आए 3 और सदस्यों की आज कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव मिली हैं। इन सभी 3 लोगों को अब आरयूएचएस में शिफ्ट किया जाएगा। वहीं, वैशाली नगर में जो जर्मनी से परिवार आया था। उसमें एक व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली थी। उस परिवार के संपर्क में आए 8 अन्य लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है, जिन्हें भी संदिग्ध माना है। उनकी जिनोम सिक्वेंसिंग की जांच के लिए सैंपल भिजवाए गए है।