महाराष्ट्र: मुंबई में 24 घंटे में 15166 केस, 3 मरीजों की मौत, पूरे राज्य में मिले 26,538 नए मरीज

24 घंटे के भीतर देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 15166 कोरोना केस सामने आए हैं और 3 मौतें हुई हैं। अप्रैल 2021 में दूसरी लहर के दौरान मायानगरी में एक दिन के भीतर 11,206 मामले निकले थे। वहीं, राज्य में अब तक ओमिक्रॉन के भी 653 मरीज सामने आ चुके हैं। आज मिले मामलों में 1,218 मरीज अस्पताल में भर्ती हुए हैं। बाकी लोगों में कोरोना के लक्षण दिखाई नहीं दिए। इसलिए वे घरों में ही क्वारंटाइन हुए हैं। पिछले कुछ दिनों से मुंबई में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। कल 10,000 से ज्यादा केस सामने आए थे। इससे पहले लगातार दो दिनों तक 8,000 से ज्यादा केस सामने आए।

लॉकडाउन की तरफ बढ़ रही मुंबई

मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर और बीएमसी आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने स्पष्ट कहा है कि जिस दिन से मुंबई में हर रोज 20,000 से ज्यादा केस आने शुरू हो जाएंगे उस दिन से मुंबई में तुरंत लॉकडाउन लगा दिया जाएगा। आज के आंकड़ों से यह स्पष्ट हो रहा है कि अगर इसी रफ्तार से आंकड़े आते रहे तो मुंबई में दो-तीन दिनों में लॉकडाउन लगाना पड़ जाएगा।

मुंबई के साथ ही पुणे में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या पिछले दो महीने में सबसे ज्यादा सामने आई। पुणे जिले में पिछले चौबीस घंटों में 2,813 केस सामने आए। इसके अलावा 228 लोगों को डिस्चार्ज किया गया और एक मरीज की मृत्यु हो गई। फिलहाल पुणे में 8,201 ऐक्टिव केस हैं जिनका इलाज शुरू है।

पूरे महाराष्ट्र की बात करें तो बुधवार को राज्य में 26,538 नए केस सामने आए। 8 लोगों की दुखद मौत हो गई। इसके अलावा 5,331 मरीज कोरोना मुक्त भी हुए। इस तरह महाराष्ट्र में फिलहाल ऐक्टिव कोरोना केस की संख्या 87,505 तक पहुंच गई है।