Corona India Update: पहली बार एक दिन में करीब 3.16 लाख लोग हुए कोरोना संक्रमित, रिकॉर्ड 2101 मौतें

भारत में नए मरीजों के मामले में अमेरिका से भी आगे निकल गया है। देश में पहली बार एक दिन में रिकॉर्ड 3 लाख 15 हजार 552 लोग संक्रमित पाए गए। कोरोना महामारी की शुरुआत से लेकर अब तक एक दिन में संक्रमितों की यह संख्या पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा है। इसके पहले विश्व में एक दिन में सर्वाधिक नए संक्रमित मिलने का रिकॉर्ड अमेरिका के पास था। अमेरिका में 8 जनवरी, 2021 को 3,07,570 नए संक्रमित मिले थे। मौत के मामले में भी पिछले दो दिनों से डराने वाले आंकड़े सामने आ रहे हैं। बुधवार को रिकॉर्ड 2,101 लोगों ने दम तोड़ दिया। मौतों का यह आंकड़ा अब तक का सबसे ज्यादा है। बुधवार को रिकॉर्ड 1 लाख 79 हजार 372 मरीज ठीक हुए। कोरोना संक्रमण से अब तक 1 लाख 84 हजार 672 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1.59 करोड़ हो गई है। देश में अभी 22.84 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। यह कुल संक्रमितों की संख्या का 14.3% है।

महाराष्ट्र, दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत देश के 12 राज्यों में हालात बेहद खराब है। इन राज्यों में रिकॉर्ड संख्या में लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं। पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में 67,468, उत्तर प्रदेश में 33,106, दिल्ली में 24,638, कर्नाटक में 23,558, केरल में 22,414, राजस्थान में 14,622, छत्तीसगढ़ में 14,519, मध्य प्रदेश में 13,107, गुजरात में 12,553, बिहार में 12,222, तमिलनाडु में 11,681, पश्चिम बंगाल में 10,784 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए।

कोरोना संक्रमित लोगों के स्वस्थ होने की दर गिरकर 84.5% रह गई है। आंकड़ों के मुताबिक इस बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1,34,47,040 हो गई है। कोरोना से राष्ट्रीय स्तर पर मृत्यु दर गिरकर 1.20% हो गई है, लेकिन महाराष्ट्र में यह दर 1.5% और पश्चिम बंगाल में 1.6% है।

सीरम इंस्टीट्यूट ने बुधवार को कोवीशील्ड वैक्सीन के नए रेट फिक्स कर दिए हैं। सीरम ने कहा कि प्राइवेट अस्पतालों को कोवीशील्ड वैक्सीन 600 रुपए में दी जाएगी। इससे पहले इन अस्पतालों को ये वैक्सीन 250 रुपए में दी जा रही थी। राज्यों के लिए वैक्सीन के दाम 400 रुपए होंगे और केंद्र को पहले की ही तरह ये वैक्सीन 150 रुपए में मिलती रहेगी।

केंद्र सरकार ने बताया कि रेमडेसिविर इंजेक्शन का प्रोडक्शन दोगुना किया जा रहा है। अब हर महीने 38 लाख वायल से 74 लाख वायल का उत्पादन होगा। सरकार ने इसके लिए 20 एडिशनल मैन्यूफैक्चरिंग साइट अप्रूव किए हैं।