देश में कोरोना के 36 हजार नए मामले, अब तक 79.46 लाख संक्रमित, ठीक होने की दर 90.62%

देश में कोरोना के एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में तेजी से गिरावट आ रही है। देश में तीन महीने बाद पहली बार एक दिन में कोविड-19 (Covid-19) के नए मामले 40 हजार से कम सामने आए हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार देश में एक दिन में कोविड-19 के 36,470 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमण के मामले बढ़कर 79,46,429 हो गए। वहीं 488 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,19,502 हो गई।

रिकवरी के मामले में भारत दुनिया के पांच सबसे संक्रमित देशों में टॉप पर है। आंकड़ों के अनुसार देश में 72,01,070 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के साथ ही मरीजों के ठीक होने की दर 90.62% है। वहीं कोविड-19 से मृत्यु दर 1.50% है। देश में लगातार पांच दिन से उपचाराधीन लोगों की संख्या सात लाख से कम ही है। अभी कुल 6,25,857 लोगों का कोरोना वायरस का इलाज जारी है, जो कुल मामलों का 7.88% है।

बता दे, बेहतर रिकवरी के मामले में ब्राजील दूसरे नंबर पर है। यहां का रिकवरी रेट 89.65% और रूस का 74.84% है। सबसे खराब हालत फ्रांस की है। यहां अब तक 9.69% मरीज ही रिकवर हो पाए हैं।

भारत में सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख के पार चली गई थी, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को संक्रमितों की संख्या 40 लाख से ऊपर चली गई थी। वहीं, कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख के पार, 28 सितम्बर को 60 लाख और 11 अक्टूबर को 70 लाख के पार चले गए थे। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार 26 अक्टूबर तक कुल 10,44,20,894 नमूनों की कोविड-19 की जांच की गई, जिनमें से 9,58,116 नमूनों का परीक्षण सोमवार को ही किया गया।

राजस्थान सरकार प्रदेश में मास्क अनिवार्य करने के लिए कानूनी लाएगी। ऐसा करने वाला राजस्थान संभवत: देश का पहला राज्य होगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि महामारी को रोकने के लिए राज्य सरकार अगले विधानसभा सत्र में बिल लाने की तैयारी कर रही है। राजस्थान में पिछले 24 घंटे में 1805 लोग संक्रमित पाए गए, 2226 लोग रिकवर हुए और 14 मरीजों की मौत हो गई। संक्रमितों का आंकड़ा अब 1 लाख 88 हजार 48 हो गया है। इनमें 16 हजार 233 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 69 हजार 962 लोग ठीक हो चुके हैं। कोरोना ने अब तक 1853 लोगों की जान ले ली है।

मध्यप्रदेश में सोमवार को 720 नए मरीज मिले, 1095 लोग रिकवर हुए और 5 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 1 लाख 67 हजार 969 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 10 हजार 857 संक्रमितों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 54 हजार 222 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से अब तक 2890 लोगों की मौत हो चुकी है।

बिहार में सोमवार को 513 कोरोना संक्रमित मिले। 1087 लोग रिकवर हुए और 9 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 12 हजार 705 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 9 हजार 639 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 लाख 2 हजार 7 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। संक्रमण के चलते अब तक 1058 मरीजों की मौत हो चुकी है।

महाराष्ट्र में सोमवार को 3645 लोग संक्रमित पाए गए, जबकि 9905 लोग रिकवर हुए। 84 मरीजों की मौत हुई। 16 लाख 48 हजार 665 लोग अब तक संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1 लाख 34 हजार 137 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 14 लाख 70 हजार 660 लोग ठीक हो चुके हैं। 43 हजार 348 मरीजों की अब तक मौत हो चुकी है।

उत्तरप्रदेश में सोमवार को 1798 नए मरीज मिले। 2441 लोग ठीक हुए और 20 मरीजों की मौत हो गई। अभी 26 हजार 654 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है, जबकि 4 लाख 38 हजार 512 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 6902 मरीजों की मौत हो चुकी है। राज्य में मरीजों का आंकड़ा 4 लाख 72 हजार 68 हो गया है।