दिल्ली में कोरोना ब्लास्ट, पिछले 24 घंटे में मिले 5,500 से ज्यादा नए मरीज, 20 की हुई मौत

दिल्ली में बुधवार को कोरोना ब्लास्ट हुआ है। यहां कोरोना के 5,506 नए मामले सामने आए हैं। इस साल दिल्ली में अब तक का यह सबसे बड़ा है। इसके साथ ही 20 मरीजों की मौत भी हुई है। दिल्ली में इस समय 19,455 एक्टिव केस है। मंगलवार को भी दिल्ली में कोरोना के 5100 मामले सामने आए थे और 17 लोगों की मौत हुई थी। दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना के 90201 टेस्ट कराए गए। 3363 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है। दिल्ली में अब तक 11,133 लोगों की कोरोना से जान जा चुकी है। पिछले साल 24 नवंबर के बाद एक दिन में अब तक का यह सबसे ज्यादा नए मामले रिपोर्ट हुए हैं। बीते साल 24 नवंबर को 6,224 नए मामले सामने आए थे। कोरोना के फैलते संक्रमण को रोकने के लिए अरविंद केजरीवाल सरकार ने मंगलवार रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया है। साथ ही दिल्ली सरकार अब माइक्रो कंटेनमेंट जोन पॉलिसी पर काम कर रही है। इस समय दिल्ली में 3708 कंटनमेंट जोन बने हैं।

दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी किए गए हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक होम आइसोलेशन में भी मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इनकी संख्या बढ़कर अब 7000 पार कर गई है। वहीं, अब कोरोना के संक्रमित मामलों की संख्या 6,90,568 हो गई है। वहीं रिकवर्ड/डिस्चार्ज/माइग्रेट होने वालों का आंकड़ा 6,59,980 हो गया है। दिल्ली में 6.10% पॉजिटिविटी रेट है इसके साथ ही मृत्यु दर 1.61 % हो गई है।