दिल्ली के लोगों के लिए राहत भरी खबर, कोरोना के ताजा मामलों में आई गिरावट, पॉजिटिविटी रेट आया 20% से नीचे

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। पिछले कई दिनों से कोरोना के ताजा मामलों में गिरावट देखी जा रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान 12,651 लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं और 319 लोगों की मौत हुई है। सोमवार को 28 दिनों के बाद 13,000 से कम सामने आए हैं। सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि दिल्ली में 25 दिनों के बाद पॉजिटिविटी रेट 20% से नीचे आया है। आखिरी बार 14 अप्रैल को पॉजिटिविटी रेट 15.92% था, जोकि अगले दिन 15 अप्रैल को बढ़कर 20.22% से ऊपर निकल गया था। दिल्ली में फ़िलहाल 85 हजार 258 एक्टिव मरीज है जिनका इलाज चल रहा है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में कोरोना से 13306 मरीज ठीक हुए हैं, जिसके बाद अब तक ठीक होने वालों की कुल संख्या 12.31 लाख पर पहुंच गई है। वहीं, अभी तक कोविड के 13.36 लाख मामले सामने आ चुके हैं और 19 हजार 663 मरीजों की मौत हो चुकी है। इस समय राजधानी में कंटेनमेंट जोन की संख्या 54256 है।

दिल्ली में 17 मई तक लॉकडाउन

दिल्ली में कोरोनावायरस के खिलाफ जंग जारी है। राजधानी में इस समय लॉकडाउन लगा हुआ है। बीते दिन जारी लॉकडाउन को 17 मई सुबह तक के लिए बढ़ा दिया गया और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घोषणा करके कहा कि इस दौरान कोविड के प्रसार को रोकने के लिए मेट्रो ट्रेन सेवाएं निलंबित रहेंगी और सार्वजनिक स्थानों पर विवाह समारोह पर भी रोक रहेगी। अब विवाह केवल घर या अदालत में ही हो सकेंगे और इसमें 20 से ज्यादा लोग एकत्रित नहीं होंगे।