कोरोना वायरस: सऊदी से लौटी दिल्ली की महिला से 3 और लोग संक्रमित

दिल्ली के केस नंबर-10 का कुछ दिन पहले भी जिक्र हुआ था, तब ये पता चला था कि एक महिला Covid-19 के चेन रिएक्शन की वजह हो सकती है। तब पता चला था कि दिल्ली के 30 में से 5 मामले केस नंबर-10 से जुड़े हैं। अब 5 नए मामले सामने आए हैं, जिनमें से 3 तो सिर्फ केस नंबर-10 से ही जुड़े हैं। दिल्ली में कुल मामलों की संख्या 35 हो चुकी है और केस नंबर 10 में सऊदी से लौटी इस दिलशाद गार्डन की महिला समेत कुल संख्या 9 हो चुकी है।

दिल्ली की उस महिला से जिस चेन रिएक्शन का डर था, वह सामने आ रहा है। उससे लोगों में कोरोना फैलने का सिलसिला जारी है। महिला से एक डॉक्टर को भी कोरोना हुआ था और उस डॉक्टर ने सैकड़ों मरीज देखे थे। बता दें कि अब उनमें से ही करीब 900 मरीजों को क्वारेंटाइन में रखा गया है। जो 5 नए मामले बुधवार को सामने आए, उनमें 2 सैनिक फार्म के रहने वाले हैं, जो महिला से कनेक्टेड नहीं है। उनकी ब्राजील और लंदन की ट्रैवल हिस्ट्री है। बाकी के 3 मामले सऊदी से लौटी महिला से जुड़े हैं। दिल्ली सरकार के अधिकारियों के मुताबिक महिला ने कुल 8 अन्य लोगों को संक्रमित किया है।

अगर आप जानना चाहते हैं कि कैसे कोविड-19 (Covid-19) का मरीज कैसे संक्रमण की चेन की वजह बन सकता है, तो दिल्ली का केस नंबर-10 इसका एकदम सटीक उदाहरण है। सऊदी से लौटी इस महिला का पहले 5 लोगों के साथ लिंक साबित हुआ था। इसमें दिलशाद गार्डन के रहने वाली महिला की दो बेटियां, महिला का भाई, मां और एक डॉक्टर शामिल थे।

एक अधिकारी ने बताया था- 'जब महिला कोविड-19 पॉजिटिव पाई गई तो हम तुरंत उस महिला के घर गए. ये पता लगा सके कि 10 मार्च, जिस दिन वह दुबई से लौटी थीं, किन-किन लोगों से वह मिलीं। उन लोगों के नाम और पते पाने की कोशिश की। वह कोऑपरेटिव नहीं दिखे तो हमें स्थानीय पुलिस की मदद लेनी पड़ी। हमने सीसीटीवी कैमरों की भी मदद ली और लोगों की पहचान की, ताकि कुछ लोगों को पहचान कर उन्हें सर्विलांस में रखा जा सके।

महिला का भाई और मां उत्तर पूरी दिल्ली के जहांगीरपुर में रहते हैं। वह दोनों भी जिन-जिन के संपर्क में आए थे, उनकी भी स्क्रीनिंग की गई है। लेकिन उस इलाके में गंभीर स्थिति हो सकती है, जहां के मोहल्ला क्लीनिक के डॉक्टर ने मरीजों को देखा था। वह डॉक्टर भी महिला के संपर्क में आया था।