सत्संग में 1500 लोगों के संपर्क में आई कोरोना संक्रमित महिला, मचा हड़कंप

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस (Coronavirus) के तीन नए मामले सामने आए हैं। शुक्रवार को नए मामले सामने आने के बाद राज्य में प्रभावितों की कुल संख्या 52 हो गई है। वहीं देश भर में 203 मामले हो गए है। इसी के साथ पिछले दिनों महाराष्ट्र के उल्हासनगर में एक महिला कोरोना वायरस (Coronavirus) की पॉजिटिव पाई गई थीं। जिसके बाद पता चला कि उन्होंने एक सत्संग में हिस्सा लिया था जहां तकरीबन 1500 लोग मौजूद थे। यह महिला अभी मुंबई के कस्तूरबा हॉस्पिटल में भर्ती है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। 4 मार्च को ये महिला दुबई से लौटी थी। रिपोर्ट के मुताबिक इन्होंने आश्रम में आयोजित एक सत्संग में भाग लिया था। इस बात के सामने आने के बाद उल्हासनगर में हड़कंप मच गया गया है। अंग्रेजी अखबार द टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक नगर निगम ने जांच के आदेश दे दिए हैं और साथ ही एक स्पेशल टीम भी बनाई गई है। स्पेशल टीम को ये जिम्मेदारी दी गई है कि वो पता लगाए कि पिछले 15 दिनों में इनसे किन लोगों ने मुलाकात की।

मरने वालों की संख्या हुई पांच

देश में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 5 हो गई है। जयपुर में एक महिला ने शुक्रवार को दम तोड़ा है। इटली की 69 साल की महिला कोरोना से संक्रमित थी और उसका फोर्टिस अस्पताल में इलाज चल रहा था।

बता दे, इससे पहले पहली मौत कर्नाटक के कलबुर्गी में हुई थी। उसके बाद दूसरी मौत दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में हुई। तीसरी मौत मुंबई के कस्तूरबा अस्पताल में हुई और चौथी मौत कल यानी गुरुवार को पंजाब में हुई है।