कोरोना वायरस : देश भर में मरीजों की संख्या हुई 152, नोएडा में मिला चौथा पॉजिटिव

देशभर में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। बुधवार को संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 152 हो गया। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि 13 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। संक्रमित लोगों में 24 विदेशी नागरिक शामिल है। कोरोना वायरस से निपटने के लिए सरकारें तीन स्तर पर काम कर रही है। अधिकतर प्रदेशों में स्कूल-कॉलेज, दफ्तर से लेकर पर्यटन स्थल तक बंद हैं।

नोएडा में चौथा केस

दिल्ली से सटे नोएडा में कोरोना वायरस का एक और पॉजिटिव केस मिला है। यह शख्स इंडोनेशिया से यात्रा करके लौटा था। इसकी पुष्टि गौतमबुद्धनगर के सीएमओ डॉक्टर अनुराग भार्गव ने की। उन्होंने कहा कि शख्स को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।

तेलंगाना में एक और केस

कोरोना वायरस का एक और मामला तेलंगाना में आया है। यूनाइटेड किंगडम से आए एक और शख्स का रिजल्ट पॉजिटिव आ गया है। तेलंगाना में अब तक कोरोना के 6 केस आए हैं, जिसमें एक सही होकर घर जा चुका है।

कर्नाटक में दो और पॉजिटिव केस

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में कोरोना के दो नए केस सामने आए हैं। 6 मार्च को अमेरिका से आए 56 वर्षीय बुजुर्ग और स्पेन से लौटे एक 25 वर्षीय युवती का टेस्ट पॉजिटिव आया है। दोनों को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। कर्नाटक में अब तक 13 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें एक की मौत हो चुकी है।