इटली में कोरोना का कहर, 17,660 लोग संक्रमित, 24 घंटों में 250 मौतें

चीन के बाद जिस देश ने कोरोना वायरस (Coronavirus) महामारी का सबसे ज्यादा प्रभाव अब तक झेला है, वो है इटली। इटली में इस वायरस के संक्रमण से शुक्रवार को 250 लोगों की मौत हो गई। अधिकारिक आंकड़ों के अनुसार देश में इससे एक दिन में होने वाली मौतों की यह सर्वाधिक संख्या है। पिछले 24 घंटों में 250 मौतें दर्ज की गई हैं, जिससे मृतकों की कुल संख्या 1,266 हो गई। साथ ही, देश में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 17,660 हो गई है।
अमेरिका में आपातकाल की घोषणा

अमेरिका (USA) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने शुक्रवार को एक बड़ा ऐलान कर दिया। उन्होंने अमेरिका में राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा की, इससे कोरोना वायरस से निपटने के लिए संघीय कोष से सरकार को 50 अरब डॉलर की मदद राशि मिलेगी। प्रतिष्ठित व्हाइट हाउस के लॉन में डोनाल्ड ट्रंप ने अपने बयान में कहा, 'संघीय सरकार की पूर्ण शक्ति का उपयोग करने के लिए मैं आधिकारिक तौर पर राष्ट्रीय आपातकाल का ऐलान करता हूं।' उन्होंने अमेरिका के सभी राज्यों से आपात ऑपरेशन केन्द्र बनाने का आदेश दे दिया है।

शुक्रवार तक आए आंकड़ों के मुताबिक अमेरिका में अब तक कोरोना वायरस (Coronavirus) के तकरीबन 1600 मामले सामने आए हैं और अब तक 40 लोगों की मौत हो चुकी है। एक ताजा रिसर्च रिपोर्ट ने अमेरिका में खौफ की स्थिति को और भयावह बना दिया है। इस रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका की 70% आबादी कोरोना वायरस की चपेट में आ जाएगी और इस महामारी का अमेरिका पर बुरा असर पड़ेगा। हालांकि वहां सरकार जिस तेजी से कदम उठा रही है, उससे ऐसा होने की उम्मीद कम ही लगती है।