प्रदेश में इतने दिनों से नियंत्रित चल रहा कोरोना संक्रमण अब फिर से अनियंत्रित होता नजर आ रहा हैं क्योंकि आज 38 दिनों के बाद कोरोना के नए संक्रमितों का आंकड़ा 200 के पार गया हैं। राजस्थान में आज 215 कोरोना के नये केस मिले है। राज्य में कोरोना केसों की संख्या पिछले 10 दिनों से धीरे-धीरे बढ़ रही है। इसी कारण एक्टिव केसों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। 20 फरवरी तक राज्य में एक्टिव केसों की संख्या 1300 थी, जो 3 मार्च तक बढ़कर 1470 पर पहुंच गई।
डूंगरपुर जिले में तो आज कोरोना का विस्फोट हुआ है, यहां एक दिन में 50 केस सामने आने से प्रशासन में हड़कंप मच गया है। कोरोना के बढ़ते केसों को देखते हुए डूंगरपुर प्रशासन ने सागवाड़ा इलाके में सख्ती करते हुए कंटेंनमेंट जोन बना दिया है।चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से जारी रिपोर्ट को देखें तो आज जयपुर में भी 40 नए केस मिले है। यह 23 जनवरी के बाद सबसे ज्यादा केस है। कोरोना केसों के बढ़ने के साथ ही प्रदेश में एक्टिव केसों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। आज डूंगरपुर, जयपुर के अलावा जोधपुर में 19, उदयपुर में 18, राजसमंद में 16, अजमेर में 14 और कोटा में 11 केस मिले है। हालांकि, आज कोरोना से कोई व्यक्ति की मौत की रिपोर्ट नहीं आई है।