कोरोना: एक ही दिन में सामने आए संक्रमण के 529 नए मामले, JN.1 के 109 केस, कर्नाटक में दो और गुजरात में 1 मरा

नई दिल्ली। देश में कोराेना फिर से तेजी से फैल रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि भारत में सिर्फ एक दिन में कोविड-19 के 529 नए मामले सामने आए हैं। इससे संक्रमण के सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 4,093 हो गई है। वहीं, देश में जेएन.1 कोविड वेरिएंट के कुल 109 मामले सामने आए हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में संक्रमण से तीन और लोगों की मौत हुई, जिनमें से दो कर्नाटक और एक गुजरात से है। पांच दिसम्बर तक मामलों में कमी दर्ज की गई थी। लेकिन ठंड का मौसम आते ही मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। कोविड-19 का एक नया वेरिएंट सामने आने से भी स्वास्थ्य महकमे की चिंता बढ़ गई है।

2020 की शुरुआत में महामारी अपने चरम पर थी, तब हर दिन आने वाले मरीजों की संख्या लाखों में थी। तब से देश भर में लगभग चार वर्षों में 4.5 करोड़ से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं। वहीं, 5.3 लाख से अधिक मौतें हो चुकी हैं।

मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, बीमारी से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4.4 करोड़ हो गई है और मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.81 प्रतिशत है। बता दें, मामले की मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है।देश में अब तक कोविड टीकों की 220.67 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं।

वहीं सूत्रों की मानें तो देश में 26 दिसंबर तक जेएन.1 कोविड वेरिएंट के कुल 109 मामले सामने आए हैं।

किस राज्य में कितने नए मामले आए

राज्य मामले

कर्नाटक 34

महाराष्ट्र 09

गोवा 14

केरल 06

तमिलनाडु 04

तेलंगाना 02