जयपुर : पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

देखा जा रहा हैं कि देश में लगातार पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस के दाम बढ़ते जा रहे हैं जिससे आम लोगों का जीवन यापन करना मुश्किल हो गया। इसको लेकर शनिवार को कांग्रेस द्वारा पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन कांग्रेस कमेटी के अभाव अभियोग प्रकोष्ठ के संयोजक पंकज शर्मा के नेतृत्व में JDA सर्किल पर किया गया।

संयोजक ने बताया कि 2014 में सत्ता में आने से पहले मोदी सरकार ने बड़े-बड़े वादे किए थे कि वे आएंगे तब रसोई गैस, डीजल-पेट्रोल की कीमत में कमी करेंगे, लेकिन इसके विपरीत कीमत दोगुनी हो गई। पंकज शर्मा ने कहा कि मनमोहन सिंह के समय रसोई गैस के दाम 414 रुपए थे, लेकिन आज ये बढ़कर 823 रुपए प्रति सिलेंडर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ कोरोनाकाल में लगे लॉकडाउन के बाद लोगों के रोजगार छिन गए। प्राइवेट नौकरियों में लोगों का वेतन कटकर आधा रह गए, ऐसी परिस्थिति में लोगों को राहत देने के बजाय केन्द्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की कीमत में बढ़ोतरी कर दी। इससे आम जनता का जीवन यापन करना मुश्किल हो गया।

साढ़े 5 फीट का डमी सिलेंडर रखकर केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शन में डमी सिलेंडर रखा गया था उस पर यूपीए सरकार (तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह) और मौजूदा एनडीए सरकार के समय रसोई गैस की कीमतें लिखी गई थीं। इसके अलावा पिछले कुछ महीने में जिस तरह रसोई गैस कीमतों में बढ़ोतरी की उसका भी जिक्र डमी सिलेंडर पर किया गया।