NRC-CAA : घर-घर जाकर इसके विरोध में लोगों को जागरूक करेगी कांग्रेस

नागरिकता संशोधन कानून (NRC) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (CAA) को लेकर अब कांग्रेस घर-घर जाकर इसके खिलाफ कैंपेन की तैयारी में जुट गई है। पार्टी ने इसी क्रम में शुक्रवार को अपना पहला ट्रेनिंग सेशन आयोजित किया। इस ट्रेनिंग सेशन में वकील मिहिर देसाई, ऐक्टिविस्ट फिरोज मिथिबोरवाला, वर्षा विद्या विलास, सलीम अल्वारे, एमए खालिद, बॉम्बे कैथोलिक सभा के डॉल्फिन डिसूजा, अखिल भारतीय परिवार के अमोल और जतिन देसाई शामिल रहे। इन सभी ने CAA और NRC के तकनीकी और कानूनी पहलुओं के अलावा भारतीय नागरिकों पर कानून के संभावित प्रभावों के बारे में नेताओं और पदाधिकारियों को संबोधित किया।

कांग्रेस अपने इस कैंपेन के तहत अपने कार्यकर्ताओं को घर-घर भेजकर नागरिकता संशोधन कानून और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर से जुड़े पेंफलेट बांटेगी। इन पेंफलेट्स से कांग्रेस जनता को विस्तार से यह बताने की कोशिश करेगी कि सीएए और एनआरसी किस तरह से 'असंवैधानिक और भेदभावपूर्ण' है। शहर कांग्रेस के एक पदाधिकारी भूषण पाटिल का कहना है कि कांग्रेस जागरूकता अभियान में ब्लॉक-स्तरीय बैठकें और डोर-टू-डोर कैंपेन चलाएगी। पाटिल ने कहा कि सीएए और एनआरसी के बारे में बहुत गलत जानकारी है।

वास्तव में, यह भेदभावपूर्ण है और इसने देश को विभाजित किया है। यह भारत के संविधान पर हमला है। इन मुद्दों को इन ट्रेनिंग सेशन्स में विस्तार से समझाया जाएगा और फिर हमारे पदाधिकारी और कार्यकर्ता इसके बारे में जागरूकता फैलाएंगे। आपको बता दें कि सीएए के विरोध में कांग्रेस और एनसीपी ने अन्य दलों के साथ मिलकर 'हम भारत के लोग' नामक फ्रंट का गठन किया था। इस फ्रंट के बैनर तले पिछले महीने अगस्त क्रांति मैदान में एक विशाल प्रदर्शन भी किया गया था।