कांग्रेस ने स्वीकारी हार, अशोक गहलोत शाम को राज्यपाल को सौंपेंगे इस्तीफा

जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की हार के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत 5 :30 बजे राज्यपाल को इस्तीफा सौंपने जाएंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पहले ही कह चुके हैं कि जनता का फैसला उन्हें स्वीकार है। अब भाजपा में मुख्यमंत्री चयन को लेकर कश्मकश शुरू हो गई है।

कांग्रेस को राज्य में अब तक रुझानों के हिसाब से 70 सीटें मिल रही हैं। भाजपा 110 सीटों पर आगे चल रही है। इस तरह भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिल रहा है। इस फैसले को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय से सूचना दी गई है कि गहलोत आज शाम को राज्यपाल को इस्तीफा सौंपेंगे।

दिल्ली पर लगी निगाहें

अब राजस्थान में मुख्यमंत्री के फैसले को लेकर दिल्ली पर निगाहें टिकी हुई हैं। नेताओं के समर्थक अपने ही नेताओं के नाम सोशल मीडिया पर चला रहे हैं। वैसे भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री पद की दौड़ में बाबा बालकनाथ के साथ दिव्या कुमारी का नाम भी चर्चा में चल रहा है। हालांकि शीर्ष नेतृत्व ने अभी तक किसी के नाम को भी आगे नहीं बढ़ाया है। उम्मीद की जा रही है कि कल तक भाजपा का शीर्ष नेतृत्व जीते हुए प्रत्याशियों की राय लेकर नेता का नाम घोषित करेगा। आश्चर्यजनक बात यह है कि मुख्यमंत्री पद की दौड़ में भाजपा के क्षेत्रीय शीर्ष नेताओं में से किसी का नाम नहीं लिया जा रहा है।