CAA-NRC Protest: पुरुष घर पर रजाई में और महिलाएं चौराहे पर : योगी आदित्‍यनाथ

नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ दिल्‍ली के शाहीन बाग और लखनऊ के घंटाघर पर हो रहे प्रदर्शन पर यूपी के कानपुर में सीएए के समर्थन में आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने तीखा हमला बोला है। दरअसल, इन दोनों जगहों पर प्रदर्शन में महिलाएं ज्यादा है। इसी को लेकर योगी आदित्‍यनाथ ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कुछ लोगों में इतनी हिम्मत नहीं कि वे स्वयं आंदोलन करें, इसलिए घर की महिलाओं और बच्चों को चौराहों पर बैठा दिया है। सीएम योगी ने कहा कि पुरुष घर में रजाई में सो रहे हैं और महिलाएं चौराहे पर हैं। यह लज्जाजनक है। विरोध करने वाली महिलाओं को नहीं पता कि सीएए क्या है, उनके मर्द अक्षम हैं। सीएम योगी ने कहा कि प्रदर्शन के नाम पर हिंसा को बर्दाश्‍त नहीं करेंगे।

उन्‍होंने कहा कि विपक्ष देश के दुश्मनों की भाषा बोल रहा है। हिंसा करने वालों के साथ वसूली की जाएगी। विपक्ष के रवैये से देश के दुश्‍मनों के हौसले बुलंद हो गए हैं। भारत को बदनाम करने का अभियान चल रहा है। मुख्‍यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस, लेफ्ट और एनजीओ लोगों को भड़का रहे हैं। हमें मौन नहीं रहना है। कांग्रेस नेता कह चुके हैं कि जब तक आईएसआई के एजेंटों की भारत में एंट्री नहीं करा लेते तब तक नहीं मानेंगे। उन्‍होंने कहा कि कश्मीर की आज़ादी के नारे देशद्रोह की श्रेणी में हैं।

बता दें कि सीएए के खिलाफ पिछले कई दिनों से दिल्‍ली के शाहीन बाग और लखनऊ के घंटाघर पर प्रदर्शन चल रहा है। लखनऊ के घंटाघर इलाके में महिलाएं और बच्चे हाथों में तिरंगा थामे नागरिकता संशोधन ऐक्ट के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।