उदयपुर : 27 मार्च को मनाया जाएगा अर्थ-ऑवर, शहरवासी बंद रखेंगे एक घंटा बिजली

27 मार्च को उदयपुर शहर में अर्थ-ऑवर का आयोजन किया जा रहा हैं जिसके तहत शहरवासी रात 8:30 से 9:30 बजे तक बिजली बंद रखेंगे। यह कार्यक्रम डब्ल्यूडब्ल्यूएफ द्वारा आयोजन किया जा रहा हैं ताकि प्रकृति संरक्षण से जन-जन को जोड़ा जा सकें। इस वर्ष अर्थ-ऑवर सात भाषाओं में अपना संदेश लेकर जनसामान्य तक पहुंचेगा और उन्हें उत्साहित करेगा कि अपने छोटे और बड़े हर कार्य से हमारे अपने घर पृथ्वी के लिए अलग हटकर कार्य करें।
डब्ल्यूडब्ल्यूएफ इंडिया के उदयपुर संभागीय अधिकारी अरूण सोनी ने बताया कि ‘स्विच ऑफ एंड स्पीक अप फॉर नेचर’ थीम पर आयोजित होने वाले अर्थ ऑवर में विभिन्न कार्यालयों, संस्थाओं और घरों में एक घंटे तक बिजली को बंद रखते हुए प्रकृति के संरक्षण विषय पर प्रतिबद्धता जताई जाएगी।अर्थ-ऑवर के पोस्टर सीरीज का विमोचन सिटी पैलेस में अरविंदसिंह मेवाड़ ने किया। उन्होंने शहरवासियों से 27 मार्च को अपनी सहभागिता निभाते हुए कार्यक्रम काे सफल बनाने की अपील की। सेवानिवृत्त मुख्य वन संरक्षक एवं ग्रीन पीपल सोसायटी के अध्यक्ष राहुल भटनागर ने भी शहरवासियों से इसमें भागीदारी निभाने की अपील की। इसमें सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, महाविद्यालय, सज्जनगढ़ मानसून पैलेस, वन विभाग आदि भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।