उदयपुर : अब खुले 11 माह से बंद सिनेमाघर, टिकटों पर मिल रही 30% तक छूट

कोरोना के चलते लंबे समय से सिनेमाघर बंद पड़े हैं जो कि प्रदेश में 8 फरवरी से 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खुले हैं। अब तीन दिन बाद उदयपुर में भी गुरुवार से सिनेमाघर खुलने शुरू हो गए हैं। सिनेमाघर खुलने के साथ ही कंपनियां दर्शकाें को आकर्षक ऑफर दे रही है। टिकिट में 30 प्रतिशत तक छूट दी जा रही है। साथ ही प्राइवेट स्क्रीनिंग का ऑप्शन भी दिया जा रहा है। शहर के दो प्रमुख मल्टीप्लेक्स में से लेकसिटी मॉल स्थित आइनाॅक्स गुरुवार से शुरू हो गया। इसमें पहले दिन दो स्क्रीन पर तीन शो चले। वहीं सेलिब्रेशन मॉल स्थित पीवीआर सिनेमा शुक्रवार से शुरू हुआ। हालांकि राज्य में 8 फरवरी से सिनेमाघर खुलना शुरू हाे गए थे। लेकिन मेंटेनेंस के चलते लेकसिटी के सिनेमाघर 3 दिन बाद खुलना शुरू हुए। कोरोनागाइड लाइन की पालना के लिए टिकिट बुकिंग से लेकर फूड ऑर्डर तक सभी सर्विस को ऑनलाइन कर दिया गया है।
पीवीआर के मैनेजर चिराग धुप्या ने बताया कि हमारे यहां चार स्क्रीन है। इनके हॉल में 1150 लाेगाें की बैठने की क्षमता है। शुक्रवार से तीन स्क्रीन ही शुरू करेंगे। इनमें भी कैपेसिटी के हिसाब से 50% लाेगाें काे बिठाएंगे। फिलहाल यहां 6 फिल्मों के 11 शाे ही हाेंगे। वहीं आइनाॅक्स में 4 स्क्रीन हैं। इनके हॉल में 900 लाेगाें के बैठने की क्षमता है। लेकसिटी माॅल के मैनेजर सुशील ने बताया कि पहले दिन पहला शाे शाम 4:45 बजे शुरू हुआ। इसके बाद 6:45 और 9:30 पर शाे हुआ।