कोरोना कम होते ही चीन में बड़ी मांस की मांग, पोर्क इम्पोर्ट में 170% की आई बढ़त

चीन में कोरोना का प्रकोप कम होते ही मांस की खपत एक बार फिर बढ़ गई है। अप्रैल महीने में चीन में सुअर के मांस यानी पोर्क का आयात 4 लाख टन रहा है। पोर्क के आयात में पिछले साल के मुकाबले 170% का उछाल आया है। दरअसल, चीन दुनिया में पोर्क यानी सुअर के मांस का सबसे बड़ा उपभोक्ता है। असल में कोरोना की वजह से बाकी देशों में पोर्क काफी सस्ता हो गया है। इसी वजह से चीन में लोग इसका भंडारण करने लगे हैं। इस साथ ही साल के पहले चार महीनों में चीन में बीफ का आयात भी पिछले साल के मुकाबले 28% ज्यादा रहा। अप्रैल के महीने में 160,000 बीफ का आयात हुआ था। वहीं पिछले चार महीने में चीन में कुल मांस का आयात 54% बढ़कर 6.8 लाख टन तक पहुंच गया।

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक इस साल के पहले चार महीनों में चीन ने 13.5 लाख टन पोर्क का आयात किया था, जो कि एक साल पहले की समान अवधि के मुकाबले 170.4% ज्यादा है। चीन के घरेलू बाजार में उत्पादन कम होने से पोर्क का रेट ज्यादा है, इसलिए इसके आयात पर जोर दिया जा रहा है।

असल में चीन में इसके पहले घातक अफ्रीकन स्वाइन फीवर रोग फैलने की वजह से सुअरों की संख्या में करीब 40% की गिरावट आ गई थी और पोर्क का उत्पादन कम हो गया था। इसकी वजह से पोर्क की कीमत रिकॉर्ड उंचाई पर पहुंच गई। पोर्क चीन के लोगों का पसंदीदा मीट है।

अमेरिका में दुनिया का सबसे सस्ता पोर्क

इसके पहले चीन अमेरिका जैसे कई विदेशी बाजारों से पोर्क खरीदता रहा है। अमेरिका में दुनिया में सबसे सस्ता पोर्क मिलता है। लेकिन कोरोना के प्रसार की वजह से चीन में मांग में कमी आ गई थी। इस साल फरवरी से चीनी बाजार में भी पोर्क की कीमत में लगातार गिरावट आई है।