उदयपुर में पुलिस ने कारवाई करते हुए एक गिरोह के 4 बदमाशों को गिरफ्तार किया हैं जो व्यापार की आड़ में ऑनलाइन साइट के माध्यम से ठगी को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि सलूंबर में रहकर कुछ युवक ऑनलाइन ठगी कर रहे हैं। जिसके बाद पुलिस की टीम ने सुरों का कुआं इलाके की ढोला-मारू गली में दबिश दी। यहां एक मकान में चार युवक संदिग्ध परिस्थिति में मिले, जो मोबाइल से एडल्ट वेबसाइट के माध्यम से चेन्नई में बैठे युवकों से बातचीत कर रहे थे।
पुलिस ने इस कार्रवाई में डूंगरपुर के रहने वाले मणिलाल वेलजी, हरीश, जितेंद्र और मणिलाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 5 लाख रुपए कैश और 8 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। ये बदमाश अश्लील वेबसाइट के जरिए लोगों की ठगी करते थे।सलूंबर थाना अधिकारी हनुमंत सिंह ने बताया कि आरोपी एक वेबसाइट के जरिए विज्ञापन देते थे। विज्ञापन पर रिप्लाई करने वाले व्यक्ति से शुरुआती सब्सक्रिप्शन के तौर पर 500 रुपए की राशि वसूली जाती थी। इसके बाद लड़की सप्लाई करने की बात कही जाती थी। और संबंधित व्यक्ति के व्हाट्सएप पर कुछ लड़कियों की तस्वीरों को भेजा जाता था। जिसके बाद सौदा फाइनल होने पर ऑनलाइन ठगों द्वारा आधी राशि एडवांस के तौर पर ली जाती थी। लेकिन, संबंधित व्यक्ति को ना तो लड़की की सप्लाई की जाती, और ना ही उसके द्वारा दी गई राशि लौटाई जाती थी।