सीबीएसई / लॉकडाउन के कारण अब 83 नहीं इन 29 विषयों की होगी परीक्षा

सीबीएसई (CBSE) 10वीं और 12वीं क्लास के बोर्ड एग्जाम के बाकी बचे पेपर की डेट आ गई है। ये परीक्षाएं अब 1 से 15 जुलाई के बीच होंगी। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल 'निशंक' ने एक विडियो संदेश के माध्यम से तारीख का ऐलान किया है। सीबीएसई ने 83 विषयों की परीक्षाएं रोक दी थीं। बोर्ड ने अब साफ किया है कि इन 83 विषयों में से 29 सब्जेक्ट के ही एग्जाम होंगे। ये वही सब्जेक्ट होंगे, जो अगली क्लास में जाने के लिए जरूरी हैं।

सीबीएसई सेक्रेटरी ने कहा कि फिलहाल कक्षा 10 वीं के लिए कोई ताजा परीक्षा आवश्यक नहीं है। ये बची हुई परीक्षाएं सिर्फ दिल्ली के नॉर्थ इस्ट जिले में होंगी क्योंकि सांप्रद‍ायि‍क हिंसा के कारण वहां बड़ी संख्या में बच्चों के कई मेन एग्जाम भी छूट गए थे। वहीं 12वीं के बारे में आपको बता दें कि सीबीएसई सिर्फ 29 मुख्य विषयों के एग्जाम लेगी, यहां नीचे देखें कौन कौन से हैं वो विषय।
सीबीएसई सेक्रेटरी अनुराग त्रिपाठी ने स्पष्ट किया था कि सीबीएसई बोर्ड सिवाय नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के कहीं भी दसवीं की परीक्षा नहीं लेगा। सच‍िव ने कहा था कि अभी 10 वीं बोर्ड परीक्षा में केवल 1-2 परीक्षाएं शेष हैं। इसके लिए हम पहले से ही लिए गए एग्जाम का इंटरनल एसेसमेंट करेंगे, जिसमें हम बचे हुए एग्जाम के लिए एवरेज और अन्य फॉर्मूले से रिजल्ट देंगे।

कोरोना वायरस संकट की वजह से देश भर में लॉकडाउन किया गया है। लॉकडाउन की वजह से देश भर में स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी और अन्य शैक्षिक संस्थान बंद हैं। पूरे देश में परीक्षाओं को भी स्थगित कर दिया गया है। सभी राज्यों में पहली से लेकर नौवीं क्लास तक और 11वीं क्लास के छात्रों को परीक्षा के बगैर ही अगली क्लास में प्रमोट किया गया है।