सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तारीखों का ऐलान हो चुका है। इसके अनुसार कक्षा 10वीं 12वी की CBSE Board Exam 4 मई से 10 जून तक होंगी। 15 जुलाई तक रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा। इसके पहले, 1 मार्च से प्रेक्टिकल परीक्षाएं शुरू होंगी। शाम 6 बजे छात्रों को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि कोरोनाकाल में आप लोगों ने जैसे खुद को तैयार किया है वो काबिले तारीफ है। अध्यापक और अभिभावकों के प्रति मैं आभारी हूं।
बता दें कि कोरोना महामारी के चलते स्कूल-कॉलेज लंबे समय से बंद चल रहे हैं। ऑनलाइन क्लासेज के जरिए बच्चों को पढ़ाया जा रहा है। इस बीच अटकलें लगाईं जा रही थीं कि केंद्र सरकार ऑनलाइन ही परीक्षा ले सकती है। मार्च या अप्रैल में सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएं आयोजित हो सकती हैं। लेकिन शिक्षा मंत्री ने अपने कल के बयान में स्पष्ट कर दिया था कि परीक्षाएं ऑफलाइन ही आयोजित होंगी। आज ये तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट हो चुकी है।शिक्षा मंत्री ने कहा- CBSE बोर्ड के चेयरमैन लगातार परीक्षा के सिस्टम पर नजर रखे हुए हैं। पूरा सिस्टम आपके साथ जुड़ा है। विदेशों में जो CBSE स्कूल चल रहे हैं, उन्हें भी चिंता करने की जरूरत नहीं है। निशंक ने बताया कि 25-26 देशों में चल रहे CBSE स्कूलों के लिए भी इंतजाम किए जा रहे हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा- हमने अपने बच्चों का साल खराब नहीं होने दिया। सुरक्षा, सजगता के साथ हमने परीक्षा कराई है और साल खराब होने से बचाया है। छात्रों ने भी जिस मनोबल से काम किया है ये एक अद्भुत उदाहरण है। हमारे देश में 33 करोड़ छात्र-छात्राएं हैं। ये अमेरिका की कुल आबादी से भी ज्यादा है।