राजस्थान के जयपुर में सबसे बड़े सरकारी अस्पताल के डॉक्टर ने बेड पर चढ़कर मरीज की पिटाई कर दी। यह घटना सवाई मानसिंह अस्पताल की है जहां पर जयपुर के चांदपोल बाजार इलाके में रहने वाले उत्तर प्रदेश निवासी मुबारिक (30) को कथित तौर पर जहर खाने और पेट संबंधी बीमारी के कारण एक जून को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मरीज की जांच के लिए जब एक महिला डॉक्टर खून लेने पहुंची तो उसने कथित तौर पर हिंसक बर्ताव किया। जब इस घटना की जानकारी पुरुष डॉक्टर को मिली तो उसने मरीज की पिटाई कर दी। इस घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजस्थान मानवाधिकार आयोग ने अस्पताल प्रशासन को 25 जून तक रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिये हैं।
मारपीट की यह घटना एक जून को हुई थी लेकिन मामला सोमवार को सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद सामने आया। वीडियो में एक डॉक्टर एक वार्ड में भर्ती मरीजों के सामने एक मरीज को थप्पड़ मारता दिखाई दे रहा है।
अस्पताल के अधीक्षक डॉ. डी एस मीणा ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में संभवत: काट छांट की गयी है। मामले की जांच अस्पताल की अनुशासन समिति करेगी और अस्पताल प्रशासन अपनी रिपोर्ट राजस्थान मानवाधिकार आयोग को भी देगा। उन्होंने बताया कि मरीज की हालत ठीक है और उसे जल्द ही अस्पताल से छुट्टी दे दी जायेगी।
मामले का संज्ञान लेते हुए राजस्थान मानवाधिकार आयोग ने इसे एक गंभीर अपराध माना है जिसमें एक मरीज की अन्य मरीजों के सामने पिटाई की गई। इस संबंध में आयोग ने अस्पताल प्रशासन से 25 जून तक रिपोर्ट पेश करने को कहा है।