खांडा फलसा थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले की नाबालिग किशोरी को पेट दर्द होने पर मां हॉस्पिटल ले गई। वहां जांच के बाद डॉक्टर की बात सुनकर महिला स्तब्ध रह गई। डॉक्टर ने किशोरी को 5-6 माह की गर्भवती बताया।
परेशान मां ने पहले खुद को संभाला, फिर बेटी से पूरी बात पूछी। इसके बाद महिला खांडा फलसा थाने पहुंची और मोहल्ले में रहने वाले एक युवक के खिलाफ केस दर्ज कराया। खांडा फलसा थानाधिकारी दिनेश लखावत ने बताया कि थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली महिला की ओर से मिली रिपोर्ट के आधार पर रेप व पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज किया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि 5-6 माह पहले मोहल्ले के ही एक युवक ने उनकी 17 वर्षीया बेटी को अपने जाल में फंसाया।बाद में किसी दूसरी जगह पर ले जाकर उसके साथ ज्यादती की। बुधवार को उसे पेट दर्द होने लगा तो मां उसे हॉस्पिटल ले गई। वहां नाबालिग के गर्भवती होने की बात सामने आई। बाद में मां उसे लेकर खांडा फलसा थाने पहुंची। पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद महिला अधिकारी से उसके बयान करवाए और मेडिकल जांच कराई।