जोधपुर : व्यापारी के मकान में चोरों ने लगाई सेंध, ले गए बेटी की शादी के लिए रखे 14 लाख रुपए

जिले में चोरी की वारदात लगातार बढ़ती जा रही है। अब इसका शिकार एक हार्डवेयर के व्यापारी का मकान बना जिसमें बेटी की शादी के लिए रखे 14 लाख रुपए चोर ले गए। यह घटना जोधपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र के कमला नेहरू नगर के प्रथम इलाके में हुई। 16 फरवरी की रात 8 से सवा 8 बजे के बीच यह चोरी होना बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि घर और इसके आस पास लगे CCTV फुटेज देखे गए हैं। पुलिस अब संदिग्ध की तलाश कर रही है।

प्रतापनगर पुलिस ने बताया कि घटना को लेकर कमला नेहरू नगर प्रथम विस्तार में 190डी-216 के रहने वाले मोहम्मद रेहान अंसारी पुत्र मोहम्मद रमजान की तरफ से दी गई रिपोर्ट में बताया कि 16 फरवरी की शाम छह बजे के बाद उनकी पत्नी और बच्ची बाहर चली गई थीं। वे भी बाहर ही थे। रात 11 बजे घर लौटे तब घर के मुख्य द्वार के ताले टूटे मिले। अज्ञात चोरों ने घर में प्रवेश कर वहां से 14 लाख रुपए और सोने की एक झूमरियां जोड़ी चोरी कर ले गए। घटना को लेकर बुधवार को रिपोर्ट दी गई। परिवादी मोहम्मद रेहान अंसारी के अनुसार यह रुपए उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए लाकर रखे थे। प्रतापनगर पुलिस ने घटना को लेकर केस दर्ज किया है। प्रतापनगर पुलिस अब घटना को लेकर पड़ताल में जुटी है।