जयपुर : फीस घटाने के बाद भी नहीं भर रही बीटेक-एमटेक कोर्स की सीटें

बीते कुछ सालों में स्टूडेंट्स में इंजीनियरिंग में रुचि कम दिखने लगी हैं जिसके चलते बीटेक-एमटेक कोर्स की सीटें खाली जा रहीं हैं। जबकि राजस्थान यूनिवर्सिटी ने फीस भी घटाई लेकिन इसके बावजूद 120 में से करीब 80 सीट खाली है। राजस्थान यूनिवर्सिटी का सेंटर फॉर कनवर्जिंग टेक्नोलॉजी इस बार बीटेक- एमटेक ड्युअल डिग्री कोर्स में डायरेक्ट एडमिशन दे रहा है। पिछले साल यूनिवर्सिटी ने सेंटर में एडमिशन के लिए स्टूडेंट्स की संख्या बढ़ाने के लिए फीस में 5 हजार की कटौती की थी।
यूनिवर्सिटी 20 फरवरी तक स्पॉट एडमिशन लेने का मौका दे रही है। इस बार स्पॉट एडमिशन देने का निर्णय लिया है, लेकिन इंजीनियरिंग में रुचि कम दिखाने की वजह से अभी तक 120 में से करीब 80 सीट खाली है। पिछले साल यूनिवर्सिटी ने 5 हजार फीस घटाते हुए 40 हजार फीस रखी थी। पिछली बार 120 सीटों के लिए 175 फॉर्म आए थे।राजस्थान यूनिवर्सिटी के सीसीटी में बीटेक-एमटेक ड्युअल डिग्री और एमटेक चलता है। इनमें पहले नेशनल एंट्रेंस टेस्ट से गुजरने वाले स्टूडेंट्स को मौका मिलता था। बीटेक- एमटेक में 12वीं में फिजिक्स कैमेस्ट्री मैथ्स और फिजिक्स कैमेस्ट्री बायोलॉजी वाले स्टूडेंट्स एडमिशन ले सकते हैं। वहीं एमटेक के लिए बीई/बीटेक या एमएससी होना चाहिए। एडमिशन के लिए मिनिमम 55% होने चाहिए। कोर्स में 4 स्ट्रीम है,जिनमें नैनोटेक्नोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी एंड बायोइंफॉर्मेटिक्स, इन्फॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी, कॉग्निटिव एंड न्यूरो साइंस शामिल है।