सीकर : चिकन और अंडे की कीमतों पर पड़ा बर्ड फ्लू के खौफ का असर, आया भारी अंतर

बर्ड फ्लू के डर के बीच जिले में चिकन और अंडे की कीमतों में गिरावट आने लगी है। पोल्ट्री फैडरेशन ऑफ इंडिया के सचिव रणवीर ने कहा कि अभी मुर्गियों में बर्ड फ्लू की तस्दीक नहीं हुई है, लेकिन इसके बावजूद चिकन और अंडे की कीमतों में गिरावट आ गई है। 5 दिन पहले 92 रुपए में बिकने वाला बॉयलर चिकन 45 से 50 रुपए में बिक रहा है।
थोक कारोबारी नरेश राजवानी ने कहा कि अंडे की ट्रे की कीमत में 15 रुपए की गिरावट आई है। वहीं 6-7 रुपए में बिक रहा अंडा भी अब 5 रुपए में बिक रहा है। जबकि अमूमन ठंड के मौसम में आमतौर पर चिकन व अंडे के दाम में कमी देखने को नहीं मिलती।उल्लेखनीय है कि जिले में अभी तक बर्ड फ्लू का मामला सामने नहीं आया है। पांच राज्यों में बर्ड फ्लू के संक्रमण की पुष्टि हो चुकी हैं। एहतियात के तौर पर प्रशासन व पशुपालन विभाग ने अलर्ट जारी किया है। ऐसे में चिकन-अंडे की बिक्री पर असर पड़ा है। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ देवेंद्र दाधीच ने कहा कि बर्ड फ्लू की आशंका के चलते मांस, अंडे खाने से बचें। बर्ड फ्लू इनफ्लूएंजा वायरस है, फिलहाल में कोई मामला सामने नहीं आया है। ऐसे में सावधानी बरतें, लेकिन किसी तरह की दहशत में आने से बचें।