जिले के देचू थाना क्षेत्र के देड़ा गांव के एक खेत पर बने झोपड़े में 98 वर्षीय एक महिला का संदिग्ध अवस्था में जला हुआ शव मिला। महिला का जला हुआ कंकाल मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला किसी हादसे में जल गई या फिर किसी ने जलाकर मार डाला? पुलिस मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार देड़ा गांव में एक वृद्धा का संदिग्ध अवस्था में जला हुआ शव मिलने की सूचना मिली थी। इस पर वहां जाकर देखने पर पता चला कि 98 वर्षीय सगनी देवी की जलने से मौत हो चुकी है। यह महिला अपने झोपड़े में अकेली ही रहती थी। इसके पति का काफी पहले निधन हो चुका था।उसकी एक पुत्री है और वह कुछ दूरी पर ही रहती है। अभी तक उसके परिजनों की तरफ से किसी प्रकार की रिपोर्ट पुलिस को नहीं दी गई है। पुलिस बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराएगी। उसके बाद स्थिति स्पष्ट होने का अनुमान है कि सगनी देवी की मौत किन कारणों से हुई।