आजकल देखा जा रहा हैं कि सोशल मीडिया पर ऑनलाइन दोस्त बन अपराध को अंजाम दिया जा रहा हैं। ऐसा ही कुछ देखने को मिला अजमेर की एक युवती के साथ जिसकी बेंगलुरु निवासी युवक से सोशल साइट के जरिए दोस्ती हुई। ऑनलाइन चैटिंग के बाद में पांच साल में कई बार मुलाकात की। शादी करने का झांसा देकर युवती से 27 लाख रुपए भी ऐंठ लिए। बाद में शादी से इंकार भी कर दिया। अब युवती की रिपोर्ट पर अजमेर के क्रिश्चयन गंज थाना पुलिस ने केस दर्ज कराया है। इसमें युवती ने शादी के लिए झांसा देकर दुराचार करने व धोखाधड़ी करके 27 लाख रुपए हड़पने का आरोप लगाया है। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
क्रिश्चयन गंज थाना प्रभारी व प्रशिक्षु आरपीएस पूनम ने बताया कि युवती ने रिपोर्ट में बताया कि बेंगलुरु निवासी राहुल के संपर्क में सोशल साइट के जरिए आई। दोनों में ऑनलाइन चैटिंग शुरू हुई और दोस्ती हो गई। करीब 5 साल तक ऐसा चला। इस दौरान राहुल ने उसे शादी करने का भरोसा दिलाया। कईं बार दोनों की मुलाकात भी हुई।इस बीच राहुल ने युवती से करीब 27 लाख रुपए भी लिए। जब युवती ने शादी की बात कही तो बाद में आरोपी युवक ने शादी से इनकार कर दिया। इस पर पुलिस ने बेंगलुरु निवासी युवक राहुल के खिलाफ शादी के लिए झांसा देने समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी युवक की तलाश कर रही है।