जयपुर : 15 साल की किशोरी का रेप कर बनाया वीडियो, देते रहे कॉल गर्ल बनने की धमकी, रोते हुए थाने पहुंची पीड़िता की मां

राजधानी जयपुर से हैवानियत भरा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया हैं जहां 15 साल की किशोरी का रेप कर उसका वीडियो बनाया गया और उसे कॉल गर्ल बनने की धमकी दी गई। पीड़िता की मां ने आरोपियों हाथ पैर जोड़े कि वीडियो डिलिट कर दें लेकिन आरोपी नहीं माने। आखिर पीड़िता पीड़िता की मां रोते हुए बेटी को साथ लेकार थाने पहुंची। बोली- मेरी बेटी को बचा लो। कुछ लोग उसे कॉल गर्ल बनाना चाहते हैं। पुलिस ने मामले में महिला और युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़िता ने जब खुद पर आप बीती पुलिस के साथ साझा की तो पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस ने रेप, पोक्सो, ब्लैकमेलिंग समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की तैयारी में जुट गई है।

जयसिंहपुरा खोर पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में रहने वाली 9वीं कक्षा में पढने वाली 15 साल की किशोरी की मां ने घर के पास ही रहने वाले गौरव और ममता के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कराया है। पीड़ित के साथ सितंबर में गौरव नाम के युवक ने रेप किया था। जो कॉलेज में पढ़ता है। इस दौरान उसे बिना बताए वीडियो बना लिए। इस बारे में जब पीड़िता ने अपनी मां को बताया तो बदनामी के डर से चुप हो गई। कुछ दिनों के लिए बेटी का घर से बाहर आना जाना बंद कर दिया।

इसके बाद आरोपी ने पीड़िता को फोन कर वापस बुलाना शुरू कर दिया। वीडियो वायरल करने की धमकी दी। आरोपी ने पीड़िता को वीडियो भेजे तो घर में कोहराम मच गया। मां ने आरोपी के खूब हाथ पैर जोड़े। वे नहीं माने। इस बीच ममता नाम की एक महिला आरोपी के साथ जुड़ गई। दोनों ने किशोरी को कहा कि उसे जहां भेजें, वहां पर जाना होगा। नहीं गई तो उसके वीडियो कॉलोनी के ग्रुप में डाल देंगे। साथ ही सोशल मीडिया पर शेयर कर देंगे।