केंद्र पर बरसीं प्रियंका तो BJP नेता संबित पात्रा ने किया पलटवार, कहा - आपदा के वक्त राजनीति कर रहा गांधी परिवार

देश में कोरोना संक्रमण की स्थिति को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। जिसके जवाब में बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि जब राजनीति नहीं होनी चाहिए, तब कांग्रेस पार्टी और खासतौर पर गांधी परिवार राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी ने एक इंटरव्यू में जिस प्रकार से आलोचना की है, वह देश देख रहा है। देश उनको जवाब देगा। गांधी परिवार का घमंड इस आपदा के समय देश के सामने झलक रहा है।

संबित पात्रा ने कहा कि देश आज कोरोना की महामारी से जूझ रहा है, प्रधानमंत्री ने कल बताया कि केंद्र और राज्य सरकारें किस तरह इससे लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा, 'देश में घबराहट, अफरातफरी और फेक न्यूज फैलाने की कोशिश की जा रही है। महाराष्ट्र ने जैसे असंवेदनशीलता दिखाई उसका नतीजा है कि आज लगभग 40-50% मामले एक ही राज्य से आ रहे हैं। प्रियंका जी, आज महाराष्ट्र की सरकार जो कर रही है उस पर आपके भाई एक शब्द नहीं बोल रहे हैं।'

प्रियंका गांधी ने कही ये बात

इससे पहले प्रियंका गांधी ने समाचार एजेंसी ANI को दिए इंटरव्यू में मौजूदा हालात के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया। प्रियंका गांधी ने कहा, 'आप आज भी चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। रैलियों में हंस रहे हैं। सब तरफ से लोगों के रोने की रिपोर्ट आ रही है। लोग मदद की गुहार लगा रहे हैं। लेकिन आप बड़ी-बड़ी रैलियों में जाकर हंस रहे हैं। हंस कैसे सकते हैं। समझ में ही नहीं आ रहा कि ये सरकार क्या कर रही है? शमशान घाटों पर इतनी भीड़ लगी है, लोग कूपन लेकर खड़े हैं। हम इस स्थिति में सोच रहे हैं कि हम क्या करें। जो सरकार को करना चाहिए था, वो सरकार नहीं कर रही है।'

प्रियंका गांधी ने कहा कि आज देशभर से रिपोर्ट आ रही हैं कि बेड, ऑक्सीजन, रेमडेसिविर, वेंटिलेटर की कमी है। कोराना संक्रमण की पहली लहर और दूसरी लहर के बीच हमारे पास तैयारी करने के कई महीने थे। हमारा देश ऑक्सीजन का सबसे बड़ा निर्माता है, फिर भी ऑक्सीजन की कमी हो रही है। क्योंकि ट्रांसपोर्ट करने की सुविधा नहीं बनाई गई है। सरकार के पास 8-9 महीने थे। सर्वे बता रहे थे कि दूसरी लहर आने वाली है, आपने उसे नजरअंदाज किया। आज ऑक्सीजन के ट्रांसपोर्ट के लिए देश में सिर्फ 2000 ट्रक ही हैं। मतलब, देश में ऑक्सीजन है लेकिन पहुंच नहीं पा रही है।

उन्होंने कहा, 'पिछले 6 महीने में 1.1 मिलियन रेमडेसिविर इंजेक्शन का निर्यात हुआ है और आज हमारे पास इंजेक्शन की कमी है। से ही पिछले 6 महीनों में 6 करोड़ वैक्सीन डोज एक्सपोर्ट किए गए। उसी समय तीन से चार करोड़ भारतीयों को वैक्सीन दी। पहले सभी भारतीयों को वैक्सीन क्यों नहीं दी? आज वैक्सीन, रेमडेसिवीर, ऑक्सीजन की कमी केंद्र की खराब योजना या कोई योजना नहीं की वजह से ही है। पहले से मालूम था कि दूसरी लहर आएगी, तो अस्पतालों में बेड्स क्यों नहीं बढ़ाए गए? ये सरकार की असफलता है।