हमें सत्याग्रह से नहीं मिली आजादी, महात्‍मा गांधी का स्वतंत्रता आंदोलन एक 'ड्रामा' था : BJP सांसद

पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद अनंत कुमार हेगड़े एक बार फिर अपने बयानों को लेकर चर्चा में है। इस बार उन्होंने अपने बयानों से महात्मा गांधी पर निशाना साधा है। अनंत कुमार हेगड़े ने स्वतंत्रता आंदोलन को 'ड्रामा' करार दिया है। बेंगलुरु में शनिवार को एक रैली को संबोधित करते हुए कि पूरे स्वतंत्रता आंदोलन को अंग्रेजों की सहमति और समर्थन के साथ स्टेज किया गया। साथ ही उन्होंने कहा कि इनमें से किसी भी तथाकथित नेता को पुलिस ने नहीं पीटा। इनका स्वतंत्रता आंदोलन एक बड़ा ड्रामा था। इसका मंचन अंग्रेजों की मंजूरी के साथ किया गया। यह वास्तविक लड़ाई नहीं थी। उन्होंने महात्मा गांधी की भूख हड़ताल और सत्याग्रह को भी 'ड्रामा' करार दिया है।

उन्होंने कहा कि यह सच नहीं है कि भारत को भूख हड़ताल और सत्याग्रह की वजह से आजादी मिली है। अंग्रेजों सत्याग्रह की वजह से देश छोड़कर नहीं गए थे। अंग्रेजों ने परेशान होकर आजादी दी थी। इतिहास पढ़ने पर मेरा खून खौलता है। ऐसे लोग हमारे देश में महात्मा बन जाते हैं।

बता दें, अनंत कुमार हेगड़े अपने बयानों को लेकर हमेशा चर्चा में रहे हैं। कुछ महीने पहले उन्होंने एक बयान देकर अपनी ही पार्टी भाजपा के लिए मुसिबत खड़ी कर दी थी। हेगड़े ने कहा था कि आपको पता है कि हमारे आदमी 80 घंटे के लिए महाराष्ट्र में सीएम बना था। इसके बाद फडणवीस ने इस्तीफा दे दिया। उन्होंने यह ड्रामा क्यों किया था? क्या हमें पता नहीं था कि हमारे पास बहुमत नहीं है फिर भी वह मुख्यमंत्री बने। यह सवाल हर कोई पूछता है। मुख्यमंत्री के पास करीब 40 हजार करोड़ रुपये थे। अगर Congress-NCP और शिवसेना सत्ता में आ जाते तो वे इन पैसों का गलत इस्तेमाल करते। यह सब केंद्र का पैसा था और इसका इस्तेमाल राज्य के विकास में नहीं होता। यह सब कुछ बहुत पहले तय कर लिया गया था। इसलिए यह ड्रामा रचा गया। फडणवीस ने शपथ लेते ही 15 घंटे के अंदर सारा पैसा केंद्र को भेज दिया।